
जितेन्द्र शर्मा विदिशा जिले के जैतपुर गांव में एक खौफनाक वारदात से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावर ने दिनदहाड़े एक महिला की उसके ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब महिला किचन में काम कर रही थी। हमलावर ने अचानक उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पति जब खेत से घर लौटा तो उसकी दुनिया ही उजड़ चुकी थी—किचन में उसकी पत्नी का खून से लथपथ शव पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस भी तुरंत हरकत में आई और सीएसपी अतुल सिंह व सिविल लाइन थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी डॉक्टर प्रशांत चौबे भी घटनास्थल पर पहुंचे।
हत्या कैसे हुई? पुलिस के सामने कई सवाल
हत्या के वक्त महिला की बेटी घर में ही थी और बाथरूम में नहा रही थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घर में एक डॉग भी था, जो किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने नहीं देता था। ऐसे में सवाल उठता है कि आरोपी आखिर घर में दाखिल कैसे हुआ? क्या वह परिवार का कोई करीबी था? या फिर हत्या की कोई गहरी साजिश थी?
जल्द होगा खुलासा!
एडिशनल एसपी डॉक्टर प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर जांच कर रही है, और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस जघन्य अपराध से पूरे गांव में दहशत का माहौल है, और हर कोई जानना चाहता है कि आखिर यह नृशंस हत्या किसने और क्यों की?