
राकेश जैन की रिपोर्ट जम्मू-कश्मीर की एक शादीशुदा महिला ने फेसबुक पर दोस्ती के बाद उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक युवक से शादी कर ली। यह जानकारी मिलने पर महिला के पति ने पुलिस से संपर्क किया और न्याय की मांग की। पति का आरोप है कि युवक ने उसकी पत्नी को सोशल मीडिया के जरिए बहला-फुसलाकर भगा लिया और वह नकदी और सोना भी अपने साथ ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2017 में हुई थी पहली शादी
श्रीनगर निवासी अबिरल ने 2017 में पंजाब के मोहाली जिले के ढकोली क्षेत्र में रहने वाले विनोद कुमार से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। लेकिन कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में खटास आ गई। अक्सर उनके बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होने लगे।
यूपी के डॉक्टर से हुआ प्यार
इस दौरान, अबिरल की मुलाकात रायबरेली जिले के डीह क्षेत्र के रहने वाले डॉ. फैजान अहमद से हुई। धीरे-धीरे अबिरल का झुकाव उनके प्रति बढ़ गया। दिसंबर 2024 में वह अपने पति को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंच गई। सोमवार को अबिरल ने प्रेमी के साथ निकाह कर लिया।
पति ने लगाए गंभीर आरोप
अबिरल के निकाह की खबर सुनकर उसके पति विनोद कुमार ने डीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. फैजान ने उनकी पत्नी को 24 दिसंबर 2024 को बहला-फुसलाकर भगाया और वह अपने साथ पांच लाख रुपये का सोना, दो लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन ले गई।
पुलिस जांच में जुटी
डीह थाना प्रभारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि महिला ने पुलिस को स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।