
जितेन्द्र शर्मा विदिशा में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल के नाबालिग छात्र नशे में झूमते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। वीडियो में 14-15 साल के छात्र पाउडर नशा करते दिख रहे हैं, उनकी हालत इतनी खराब थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
परीक्षा छोड़कर नशे में डूबे छात्र
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में परीक्षाएं चल रही थीं और ये छात्र परीक्षा देने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही नशे का सेवन कर लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और वे परीक्षा भी नहीं दे सके।
विदिशा में बढ़ता नशे का कारोबार, लोगों में आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि विदिशा में अवैध नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
घनश्याम बंसल ने कहा,
“पहले सिर्फ बड़े लोग नशे की गिरफ्त में थे, लेकिन अब छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। प्रशासन को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि हमारी नई पीढ़ी गुमराह होने से बच सके।”
प्रशासन पर उठे सवाल, सख्त कार्रवाई की मांग
लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही नशे के सौदागरों पर नकेल नहीं कसी गई, तो समाज को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। अगर प्रशासन ठोस कदम नहीं उठाता, तो जनता को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
सीएसपी अतुल सिंह ने इस मामले में कहा,
“मामला संज्ञान में आया है और जांच जारी है। बच्चों की हालत इतनी खराब थी कि वे बयान देने की स्थिति में नहीं थे। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। नशे के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
क्या प्रशासन जागेगा?
इस घटना ने शहर को झकझोर कर रख दिया है। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाएगा, या फिर यह मामला भी कुछ दिनों में ठंडे बस्ते में चला जाएगा?