
विदिशा।शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने अवैध कच्ची शराब बेचते एक शातिर बदमाश को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी का नाम जित्तू उर्फ जितेन्द्र कुचबंदिया है, जो शेरपुरा टीला, विदिशा का निवासी है। आरोपी के पास से 10 लीटर जहरीली हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के सख्त निर्देशों के बाद जिले में अवैध नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नई गल्ला मंडी के पीछे, सोराई रोड पर एक व्यक्ति कच्ची शराब बेच रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने त्वरित दबिश दी और आरोपी को पीली कुप्पी में भरी जहरीली शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 49(क) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह शराब न केवल अवैध थी, बल्कि उसके सेवन से जान का भी खतरा हो सकता था।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक विमलेश कुमार राय, सउनि प्रकाश चतुर्वेदी, प्रआर भानुप्रताप, प्रआर कुलदीप चंदेल, आरक्षक अमर, अखिलेश, गिरजेंद्र और जितेंद्र गोयल की अहम भूमिका रही।