VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Politics/राजनीति / विदिशा में सनसनी: पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या, इलाके में फैली दहशत

विदिशा में सनसनी: पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या, इलाके में फैली दहशत

2025-04-26   588 views

ImgResizer_20250426_2101_42348

देवेंद्र धाकड़ विदिशा।
शहर की हर्ष विहार कॉलोनी शुक्रवार रात एक खौफनाक वारदात का गवाह बनी, जब स्थानीय निवासी प्रमोद गोस्वामी ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी संध्या अहिरवार (25) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। संध्या को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी प्रमोद गोस्वामी को हिरासत में लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रमोद और संध्या ने पांच साल पहले गायत्री मंदिर, विदिशा में प्रेम विवाह किया था। दोनों की एक तीन वर्षीय बेटी भी है। परिवारिक सूत्रों के अनुसार, प्रमोद शक्ति ट्रांसपोर्ट में मैकेनिक का काम करता था और शराब के नशे में आए दिन घरेलू विवाद करता रहता था। प्रारंभिक जांच में भी घरेलू कलह हत्या की मुख्य वजह बताई जा रही है।

मृतका के पिता अर्जुन सिंह अहिरवार, निवासी खिरिया टापरा, ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे हैदरगढ़ थाने से उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ गंभीर घटना घटित हुई है। जब वे विदिशा देहात थाने पहुंचे, तो उन्हें संध्या की मौत की खबर मिली।

प्रमोद गोस्वामी मूलतः ग्राम भदार बड़ा गांव का निवासी है। इस निर्मम हत्या के बाद हर्ष विहार और आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतका को न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 


Share:

ब्लैक टाइगर