
शहडोल संभाग से सटे अनूपपुर जिले के बरंगवा अमलाई में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। देश की पहली किन्नर विधायक रहीं शबनम मौसी पर एक नवजात के घर बधाई लेने गईं शबनम मौसी और उनके साथियों पर सोने की बाली छीनने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
क्या है पूरा मामला?
अनूपपुर जिले के बरंगवा अमलाई वार्ड नंबर 4 की भाजपा महिला पार्षद रंजना सोनी के यहां हाल ही में पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। इसी खुशी में शबनम मौसी अपने किन्नर साथियों के साथ 'बधाई' देने उनके घर पहुंचीं। परिजनों का दावा है कि जब उन्होंने मौसी को बधाई देने में अपनी असमर्थता जताई, तो स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि शबनम मौसी ने पार्षद की मां के कान से सोने की बाली जबरन खींच ली और वहां से जाने लगीं।
वायरल वीडियो में दिखी झड़प
https://youtube.com/shorts/_l8PpxX2cQ4?si=_j9ZFHZAYUoUFKZ5
जैसे ही पार्षद का बेटा राहुल सोनी घर पहुंचा और अपनी मां की बाली वापस मांगने लगा, शबनम मौसी से उसकी जोरदार बहस हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच छीना-झपटी तक हो गई। भाजपा महिला पार्षद रंजना सोनी और उनके पुत्र राहुल सोनी ने इस पूरी घटना की शिकायत अनूपपुर जिले के चचाई थाना में दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शबनम मौसी और पीड़ित युवक राहुल के बीच तीखी नोकझोंक साफ सुनी और देखी जा सकती है। यह वीडियो तेजी से लोगों के बीच फैल रहा है और घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
शबनम मौसी ने आरोपों को बताया ‘गलतफहमी’
हालांकि, इस मामले पर अभी तक शबनम मौसी की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन, सूत्रों के अनुसार, वह पूरे मामले को पारिवारिक असहमति और गलतफहमी बता रही हैं। बावजूद इसके, वायरल वीडियो में जिस तरह का विवाद दिख रहा है, उसने शबनम मौसी की भूमिका पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर किन्नर समुदाय द्वारा बधाई मांगने के तरीके और उससे जुड़े विवादों को सुर्खियों में ला दिया है। चचाई पुलिस की जांच के बाद ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।