
स्वाति श्रीवास्तव विदिशा।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम ईशान राजपूत (40 वर्ष) है, जो मूलतः ग्राम मोहासा, थाना भानगढ़, जिला सागर का निवासी है और हाल ही में सुभाष नगर, गली नंबर 4, विदिशा में रह रहा था।
घटना का विवरण
दिनांक 8 दिसंबर 2024 को आरोपी ईशान राजपूत ने अपनी पत्नी क्रांति राजपूत के सिर पर तवे से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल अवस्था में क्रांति को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 10 दिसंबर को उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1008/24 के तहत धारा 103 (1) बीएनएस हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह और थाना प्रभारी सिविल लाइन शहबाज खान के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। आरोपी के संभावित ठिकानों पर विदिशा और उसके गांव में तलाशी की गई, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
15 दिसंबर 2024 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पीतलमिल वाइन शॉप के पास देखा गया है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, आरोपी ईशान राजपूत का क्रांति राजपूत के साथ पूर्व में भी विवाद हो चुका था। वर्ष 2023 में उसने मृतिका के साथ मारपीट की थी, जिसकी एफआईआर पहले ही दर्ज है। आरोपी के खिलाफ दो अन्य आपराधिक मामले भी पंजीबद्ध हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक शहबाज खान, उपनिरीक्षक वीरेंद्र पाल, साइबर सेल के अधिकारी, और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।