VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Crime / संपत्ति विवाद में जेठ की हैवानियत: बहू की साड़ी खींची, लाठी-डंडों से पीटा, कुल्हाड़ी लेकर मकान तोड़ा

संपत्ति विवाद में जेठ की हैवानियत: बहू की साड़ी खींची, लाठी-डंडों से पीटा, कुल्हाड़ी लेकर मकान तोड़ा

2025-03-21   678 views

ImgResizer_20250321_1455_37017

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पारिवारिक संपत्ति को लेकर ऐसा हंगामा हुआ कि पूरा गांव दंग रह गया। एक महिला ने जब अपने घर की तोड़फोड़ का विरोध किया तो जेठ ने उसकी साड़ी खींच दी और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। आरोपी गुस्से में कुल्हाड़ी लेकर छत पर चढ़ गया और मकान तोड़ने लगा। इस सनसनीखेज घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला पर डंडे से वार करता दिख रहा है।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, फिर हुई मारपीट

ग्राम डोंगी की रहने वाली पीड़िता अपने ससुराल के पैतृक मकान में रहती है, जबकि उसका जेठ रतिराम और जेठानी रीता बाई सामने के मकान में रहते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

18 मार्च की सुबह रतिराम अपने भतीजे आनंद मरावी को लेकर वहां पहुंचा और महिला को मकान खाली करने के लिए गाली-गलौज करने लगा। जब महिला ने विरोध किया तो वह कुल्हाड़ी लेकर छप्पर पर चढ़ गया और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

छप्पर से गिरी महिला, जेठ ने पैर से दबाकर पीटा

महिला जब उसे रोकने के लिए छप्पर पर चढ़ी तो रतिराम ने डंडे से हमला कर उसकी साड़ी खींच दी। इसके बाद लाठियों से ताबड़तोड़ वार करने लगा। हमले के दौरान महिला नीचे गिर गई, तो आरोपी ने उसे पैर से दबाकर बेरहमी से पीटा।

महिला की चीख-पुकार सुनकर उसकी बेटियों ने पत्थर फेंककर बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी छत से ईंट और खप्पर फेंककर उन पर भी हमला करने लगा। इस दौरान महिला और उसकी बेटियों को गंभीर चोटें आईं।

पहले भी कर चुका था हमला, वीडियो हुआ वायरल

इससे पहले भी 12 मार्च को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रतिराम और उसकी पत्नी उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। तहसील के पटवारी सीमांकन करने पहुंचे थे, तब भी दोनों ने गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी।

अब इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आरोपी खुलेआम गुंडागर्दी करते दिख रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस ने रतिराम और आनंद मरावी को गिरफ्तार कर लिया है।


Share:

ब्लैक टाइगर