
कोरबा/सूरजपुर।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में “गड़ा धन” निकालकर करोड़पति बनाने का झांसा देकर एक तांत्रिक ने बैंककर्मी से 14 लाख रुपए ठग लिए। 2 साल तक फरार रहने के बाद अब इस तांत्रिक को सूरजपुर पुलिस ने धर दबोचा है।
‘तंत्र-मंत्र से सोने का हंडा’, और झांसे में आ गया बैंककर्मी
साल 2022 की बात है, जब सूरजपुर जिले के खोंड़ गांव में रहने वाले बैंक कर्मचारी अभिषेक प्रताप सिंह की मुलाकात बैंक में एक व्यक्ति विमल सिंह ठाकुर से हुई। विमल ने दावा किया कि वह एक ऐसे तांत्रिक को जानता है जो जमीन से गड़ा हुआ धन निकाल सकता है और उसे सोने में बदल सकता है।
विमल, कोरबा के नकटीखार निवासी तथाकथित तांत्रिक नरेश पटेल और उसका एक साथी मनोज कुमार लेकर अभिषेक के घर पहुंचे। वहां उन्होंने तंत्र-मंत्र का नाटक किया और मिट्टी से भरा एक घड़ा यानी “हंडा” जमीन से निकालने का दावा किया।
14 लाख में मिली सिर्फ मिट्टी!
तांत्रिक ने अभिषेक को यकीन दिलाया कि पूजा प्रक्रिया पूरी होने पर यह हंडा सोने में बदल जाएगा। इस बहाने उन्होंने कुल 14.09 लाख रुपये अभिषेक से वसूल लिए। हफ्तों तक उसे बहलाया गया, लेकिन जब हंडा खोला गया, तो उसमें सिर्फ साधारण मिट्टी निकली। तब जाकर अभिषेक को ठगी का एहसास हुआ।
मुख्य आरोपी अब पुलिस के शिकंजे में
पीड़ित ने रमकोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआती जांच में एक आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी नरेश पटेल फरार था।
अब 20 अप्रैल 2025 को सूरजपुर पुलिस की टीम ने थाना प्रभारी विमलेश दुबे के नेतृत्व में कोरबा जिले के नकटीखार से नरेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि ठगी की रकम उसने घर बनाने में खर्च कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने चलाया फरार आरोपियों पर सर्च ऑपरेशन
एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुराने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाया था। इसी अभियान के तहत नरेश पटेल की गिरफ्तारी संभव हो सकी।