VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Politics/राजनीति / सुहागरात में दूध, दूल्हा बेहोश और दुल्हन फरार: आगरा में 'शादी डॉट कॉम' निकली ठगी का नया तरीका!

सुहागरात में दूध, दूल्हा बेहोश और दुल्हन फरार: आगरा में 'शादी डॉट कॉम' निकली ठगी का नया तरीका!

2025-05-16   1,033 views

ImgResizer_20250516_1136_24757
आगरा: अगर आप सोचते हैं कि शादी एक पवित्र बंधन है, तो ज़रा आगरा के इस किस्से को पढ़ लीजिए। यहां सुहागरात की रात दूध का प्याला ऐसा ‘नशा’ बन गया कि दूल्हा तो बेहोश हुआ ही, घरवाले भी सदमे में चले गए। अगली सुबह जब आंखें खुलीं तो दुल्हन गायब, गहने गायब, कैश गायब और रिश्तेदार निकले 'भाड़े के कलाकार'।

जी हां, यूपी के आगरा जिले में सुहागरात अब सिर्फ निजी रस्म नहीं रही, बल्कि ठगी का नया प्लेटफॉर्म बन गई है। घटना इतनी फिल्मी है कि धोखा खाए दूल्हे को अब बस यही समझ नहीं आ रहा कि उसने शादी की थी या कोई रियलिटी शो का हिस्सा बन गया।

शुरुआत हुई ‘वकील साहब’ से

कहानी की शुरुआत होती है सीतानगर मोहल्ले के एक भोले-भाले परिवार से, जो अपने छोटे बेटे के लिए लड़की तलाश रहा था। तभी एंट्री होती है ट्रांस यमुना फेस-2 निवासी जयप्रकाश की, जो खुद को वकील बताता है। जनाब ने भरोसा दिलाया कि एक गरीब लड़की है, जो अच्छे संस्कारों वाली है, और शादी का पूरा खर्च वो खुद उठाएगा।

“सोच क्या रहे हो? आज ही शादी करवा देते हैं!” – कुछ ऐसे ही भावों के साथ जयप्रकाश ने 1 मई को 40 हजार रुपये लिए और 4 मई को दूल्हे के घरवालों को दयालबाग बुलाया।

वहाँ पहुंचने पर ‘वकील साहब’ ने कहा कि लड़की का परिवार आ चुका है, और अब सिर्फ 80 हजार और दो तो काम निपटा देंगे। पैसे दिए, मंदिर पहुंच गए, और शादी भी हो गई – वो भी नगला पदी के महादेव मंदिर में, पूरी धूमधाम से।

सुहागरात में ‘दूध’ वाला ट्विस्ट

अब आती है फिल्म की क्लाइमेक्स वाली रात – 6 मई की सुहागरात। दुल्हन ने बड़े प्यार से दूध का प्याला पेश किया। मगर ये दूध सिर्फ प्यार भरा नहीं था, उसमें मिला था नशे का ऐसा डोज़ कि दूल्हा और घरवाले सबको भेज दिया बेहोशी की नींद में। अगली सुबह जब होश आया, तो होश उड़ चुके थे।

घर की अलमारी खाली, गहने गायब, 1.30 लाख रुपये नकद साफ। और वो नई नवेली दुल्हन? उसका तो जैसे धरती निगल गई हो।

'रिश्तेदार' निकले किराए के कलाकार

दूल्हे ने जब होश में आकर पूछताछ शुरू की, तो पता चला कि लड़की ने खुद को मिर्जापुर निवासी बताया था। मां-बाप नहीं थे, लेकिन साथ आए लोग खुद को मामा-मामी, बुआ और फूफा बता रहे थे। बाद में जब इन 'रिश्तेदारों' में से एक 'मामा' से बात की गई, तो उसने खुलासा कर दिया कि वो तो पैसे लेकर इस शादी में ‘रोल’ निभाने आया था। उसे वादा किया गया था 10 हजार रुपये का, लेकिन ठगे गए उसे भी – शादी के बाद मिले सिर्फ 500 रुपये!

बिचौलिया बोला – “कोई बात नहीं, अगली शादी फ्री में करवा दूंगा!”

अब पीड़ित परिवार जयप्रकाश के पास गया तो उसने क्या जवाब दिया?

“अरे यार, जो हुआ उसे भूल जाओ। मैं तुम्हारे बेटे की दूसरी शादी फ्री में करवा दूंगा!”

वाह, क्या सर्विस है! और जब परिवार ने पुलिस की बात की, तो धमकी मिली –

“अगर ज्यादा बोले तो फर्जी केस में पूरा खानदान जेल भेज दूंगा।”

पुलिस भी हैरान – ठगी या प्रोफेशनल स्क्रिप्ट?

हेमंत कुमार, एसीपी छत्ता, आगरा पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, मामला बेहद गंभीर है। लड़की ने नशीला पदार्थ पिलाकर पूरे घर को बेहोश किया और माल लेकर चंपत हो गई। थाना एत्माद्दौला में मामला दर्ज कर लिया गया है और कुल छह आरोपियों के खिलाफ केस लिखा गया है। पुलिस की एक टीम इस गिरोह की तलाश में जुटी है, और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस ठग मंडली की असली स्क्रिप्ट सामने आ जाएगी।

शादी या ‘साजिश’? सावधान रहें!

यह मामला न सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, बल्कि समाज को एक चेतावनी भी दे रहा है। आज जब रिश्ते ऑनलाइन मिल रहे हैं, तब भरोसे की चादर इतनी पतली हो चुकी है कि उसमें छलनी बनते देर नहीं लगती।

आगरा की ये शादी साबित करती है कि अब ‘दुल्हनिया ले जाएंगे’ नहीं, बल्कि ‘दुल्हनिया सब कुछ ले जाएंगी’ का जमाना चल रहा है।


Share:

ब्लैक टाइगर