
विदिशा। शहर के पुरनपुरा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने भयावह मोड़ ले लिया जब एक बेटे ने अपने ही पिता की लोहे की रॉड और डंडों से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार रात करीब 11 बजे सामने आई। आरोपी रवि उर्फ छोटू (35), निवासी गली नंबर 3, पुरनपुरा ने घरेलू विवाद के दौरान अपने पिता परसराम कुशवाहा पर बर्बर हमला किया। सिर, आंख, पीठ और जांघ पर किए गए हमलों से परसराम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला अपराध क्रमांक 340/25, धारा 103(1) BNS के तहत दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
तेजी से बनी पुलिस टीम, 2 घंटे में गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे में आरोपी रवि उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का प्रोफाइल:
नाम: रवि उर्फ छोटू कुशवाहा
उम्र: 35 वर्ष
पता: गली नंबर 3, पुरनपुरा, विदिशा
अपराध: पिता की हत्या
पुलिस टीम की मुस्तैदी ने बचाई जांच की दिशा
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय के साथ उनि केके पवार, प्रआर. अजय मीणा, प्रआर. सुनील, प्रआर. कुलदीप, आर. अमर दांगी, आर. मोहित, आर. शुभम, आर. संजय और आर. अखिलेश ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
घटना से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि घरेलू विवाद किस हद तक जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस की तत्परता से न सिर्फ आरोपी को समय रहते गिरफ्तार किया गया, बल्कि आमजन में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।