
टीकमगढ़ | दिगौड़ा थाना क्षेत्र
टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसकी बेटी पर उसी के पति और उसकी प्रेमिका ने मिलकर बर्बर हमला कर दिया। घरेलू झगड़े की हद तब पार हो गई जब मारपीट में महिला का एक दांत भी टूट गया और दोनों मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना प्रेमनगर मोहल्ले की है, जहां पीड़ित गीता आहिरवार ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसकी बेटी को भी नहीं बख्शा। महिला का आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसे पीटा, बाल खींचे और इतनी बेरहमी से मारा कि उसका एक दांत टूट गया।
पीड़िता गीता आहिरवार का कहना है कि जब उसने पति को प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया और विरोध जताया, तो दोनों ने मिलकर उसे सबक सिखाने की धमकी दी थी, जो अब हकीकत बन गई।
थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इस रिश्तों की दरार में इंसाफ कब तक पहुंचेगा।