VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Politics/राजनीति / MP STF की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: ओडिशा से आ रहा 1.80 करोड़ का गांजा जब्त, ट्रक में बना था 'खतरनाक' सीक्रेट केबिन

MP STF की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: ओडिशा से आ रहा 1.80 करोड़ का गांजा जब्त, ट्रक में बना था 'खतरनाक' सीक्रेट केबिन

2025-12-26  Editor Shubham Jain  346 views

ImgResizer_20251226_0554_17504

अनूपपुर। मध्य प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ एसटीएफ (STF) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ओडिशा से तस्करी कर लाया जा रहा करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये मूल्य का 599 किलोग्राम गांजा एसटीएफ ने जब्त किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक के अंदर लोहे की चादरों से एक ऐसा गुप्त केबिन (कम्पार्टमेंट) बनाया था, जिसे देख अधिकारी भी दंग रह गए।


फिल्मी स्टाइल में बनाया गया था गुप्त केबिन 
तस्करी का यह तरीका किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं था। जब्त ट्रक (नंबर JH 02BL 7103) में लोहे की चादरों की वेल्डिंग कर एक विशेष कम्पार्टमेंट तैयार किया गया था। बाहर से देखने पर ट्रक बिल्कुल सामान्य नजर आता था, लेकिन इसके भीतर करोड़ों का नशा छिपा था। एसटीएफ की टीम ने जब ट्रक की बारीकी से तलाशी ली, तब जाकर इस राज से पर्दा उठा। 
घने जंगलों में बिछाया गया था जाल 
पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा के निर्देशन में पूरे प्रदेश में "नशा से दूरी" अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विशेष पुलिस महानिदेशक (STF) पंकज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जबलपुर एसटीएफ की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी। 
एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने तत्काल दो विशेष टीमें गठित कीं। डीएसपी संतोष कुमार तिवारी और निरीक्षक गणेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में इन टीमों ने अनूपपुर जिले के जेतहरी थाना अंतर्गत घने जंगलों वाले रास्तों पर घेराबंदी की। जैसे ही ट्रक संबलपुर (ओडिशा) से मैहर की ओर बढ़ा, एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।


दो आरोपी गिरफ्तार, मैहर और सीधी से जुड़े तार 
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है: 
* अंकित विश्वकर्मा (निवासी जिला सीधी) 
* धनंजय सिंह पटेल (निवासी जिला सतना) 
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि यह खेप ओडिशा के संबलपुर से लोड की गई थी और इसे मध्य प्रदेश के मैहर में खपाया जाना था। पुलिस अब इन आरोपियों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है कि इस काले कारोबार के पीछे असली 'मास्टरमाइंड' कौन है। 
करोड़ों की जब्ती और टीम की सफलता 
* गांजे की मात्रा: 599 किलोग्राम 
* बाजार मूल्य: लगभग 1.80 करोड़ रुपये 
* ट्रक की कीमत: करीब 30 लाख रुपये 
इस बड़ी सफलता में उप निरीक्षक गोपाल सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक निर्मल पटेल, संपूर्णानंद, अंजनी पाठक, विनय कोरी और आरक्षक मनीष तिवारी सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। एसटीएफ अब उन सफेदपोशों की भी तलाश कर रही है जो पर्दे के पीछे रहकर इस अवैध कारोबार को संरक्षण दे रहे थे।


Share:

26