VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Politics/राजनीति / क्या प्रदीप मिश्रा की बोलती होगी बंद? कायस्थों के 'आराध्य' पर विवादित बयान ने बढ़ाई मुसीबत!

क्या प्रदीप मिश्रा की बोलती होगी बंद? कायस्थों के 'आराध्य' पर विवादित बयान ने बढ़ाई मुसीबत!

2025-06-19  Editor Shubham Jain  1,203 views

ImgResizer_20250619_2159_51550
नरसिंहगढ़/भोपाल: कथावाचक प्रदीप मिश्रा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं! कायस्थ समाज के आराध्य देव, भगवान चित्रगुप्त जी महाराज और यमदेव पर दिए गए उनके विवादित बयान ने पूरे मध्यप्रदेश में बवाल मचा दिया है. "प्रदीप मिश्रा मुर्दाबाद" के नारों से नरसिंहगढ़ गूंज उठा है, और कायस्थ समाज ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

अखिल भारतीय कायस्थ महापरिषद के बैनर तले समाज के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर प्रदीप मिश्रा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थानाप्रभारी को दिए गए ज्ञापन में साफ कहा गया है कि पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यास पीठ से बेहद अमर्यादित और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे कायस्थ समाज की भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं.

यह कोई पहला मौका नहीं है, जब प्रदीप मिश्रा विवादों में फंसे हों. कायस्थ समाज का आरोप है कि वे पहले भी सनातन धर्म के देवी-देवताओं को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं. समाज का कहना है कि प्रदीप मिश्रा ने सस्ती लोकप्रियता और चर्चा में बने रहने के लिए इसे अपनी आदत बना लिया है.

कायस्थ समाज की साफ मांग है कि प्रदीप मिश्रा तुरंत वृंदावन स्थित चित्रगुप्त पीठ जाकर नाक रगड़कर क्षमा मांगें. समाज नेभी चेतावनी दी है कि जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.

ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय अध्यक्ष विनोद सक्सेना पीलूखेड़ी, प्रांत प्रभारी अजय सक्सेना मोयली, हेमलता सक्सेना, ज्योति सक्सेना, शिवचरण सक्सेना, एडवोकेट पवन सक्सेना, श्याम निगम, विनोद सक्सेना, नरेंद्र सक्सेना लाला, राजेश सक्सेना, राकेश सक्सेना, चंद्रप्रकाश सक्सेना, जीतू सक्सेना, बबलू सक्सेना, विष्णुप्रसाद सक्सेना, नीलेश सक्सेना, विजय सक्सेना, राजेंद्र सक्सेना, प्रनिल सक्सेना जैसे प्रमुख सदस्य मौजूद रहे.

पंडित प्रदीप मिश्रा विवाद पर जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण सक्सेना का वक्तव्य

पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा कायस्थ समाज के आराध्य देवों पर की गई कथित विवादित टिप्पणी पर जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण सक्सेना ने अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा:

“हाल ही में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी द्वारा कायस्थ समाज के आराध्य भगवान चित्रगुप्त जी महाराज और यमदेव को लेकर दिए गए बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं. हम, जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ मध्य प्रदेश, इस तरह के बयानों की कड़ी निंदा करते हैं जो किसी भी समाज की भावनाओं को आहत करते हैं.”

डॉ. सक्सेना ने आगे कहा, “भारत एक ऐसा देश है जहाँ विभिन्न धर्मों और समाजों के लोग सदियों से सद्भाव के साथ रहते आए हैं. ऐसे में किसी भी सार्वजनिक मंच से, विशेषकर व्यास पीठ जैसे पवित्र स्थान से, किसी भी आराध्य या समुदाय के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करना अशोभनीय और अस्वीकार्य है. यह न केवल सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ता है, बल्कि लोगों की आस्थाओं पर भी कुठाराघात करता है.”

उन्होंने अपील की, “मैं सभी से संयम बरतने और शांति बनाए रखने का आग्रह करता हूँ. साथ ही, संबंधित पक्षों से भी अपील है कि वे इस मामले को संवेदनशीलता से सुलझाएं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करें. मीडिया से भी हमारा अनुरोध है कि वे खबरों को प्रस्तुत करते समय संतुलन और जिम्मेदारी का परिचय दें, ताकि समाज में किसी भी प्रकार का अनावश्यक तनाव न फैले.”


Share:

26