
इंदौर। ड्रीम ओलिंपिक शूटिंग एकेडमी के कोच मोहसिन खान पर गंभीर आरोपों की फेरहिस्त और लंबी हो गई है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने मोहसिन के खिलाफ तंत्र-मंत्र, रेप, धोखाधड़ी और मानसिक शोषण जैसे संगीन आरोपों में सातवीं FIR दर्ज की है।
टेली कॉलिंग से कोचिंग तक, फिर तंत्र-मंत्र का जाल
पीड़िता के मुताबिक, टेली कॉलिंग के जरिए उसे शूटिंग एकेडमी से जोड़ा गया था। कोच मोहसिन खान ने करियर बनाने, शूटिंग रेंज खोलने और लाइसेंस दिलवाने का झांसा देकर लाखों रुपए वसूले। इसके बाद उसने तंत्र-मंत्र की बात कहकर फॉर्म हाउस बुलाया और "नोटों की बारिश" करवाने का सपना दिखाया।
“जिन्न को खुश करना है, दुल्हन की तरह सजकर आओ”
शिकायत के अनुसार, एक महिला साधना जौहरी से मिलवाया गया, जिसने पीड़िता को समझाया कि अगर जिन्न को खुश करना है, तो बुधवार को दुल्हन की तरह सजना होगा। खुश हुआ तो पैसों की बरसात होगी। इस विश्वास के नाम पर पीड़िता को वर्जिनिटी टेस्ट, इत्र से स्नान और अंधविश्वास की घातक प्रक्रिया से गुज़ारा गया।
फॉर्म हाउस में अंधविश्वास का ‘खेल’
फॉर्म हाउस में कथित पीर बाबाओं के सामने ले जाया गया, जहां सिर पर लोभान जलाकर तंत्र क्रिया की गई। लेकिन "जिन्न नाराज हो गया" बताकर उसे लौटा दिया गया। इसके बाद मोहसिन ने कहा कि "20 लाख रुपए बर्बाद हो गए" और उल्टा पीड़िता से 13 लाख रुपए की मांग करने लगा।
शारीरिक संबंध का दबाव और धमकी
कोच मोहसिन ने बाद में पीड़िता को अपने दोस्त फैजान से मिलाया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। इंकार करने पर उसे धमकी दी गई कि अगर उसने चुप नहीं रही तो परिवार को तबाह कर देगा। मोहसिन ने शूटिंग रेंज में मौजूद बच्चों और उनके परिजनों के सामने भी बदनाम करने की कोशिश की।
डरी, सहमी, लेकिन अब खामोश नहीं
डरी-सहमी पीड़िता ने लंबे समय तक यह घटना छिपाकर रखी, लेकिन आखिरकार साहस दिखाते हुए अन्नपूर्णा थाना पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए मोहसिन खान पर सातवीं एफआईआर दर्ज कर ली है।