VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Entertainment / जब सास ही दुल्हन बन बैठी! शादी से 9 दिन पहले मां, दामाद संग लाखों लेकर फरार

जब सास ही दुल्हन बन बैठी! शादी से 9 दिन पहले मां, दामाद संग लाखों लेकर फरार

2025-04-12  Editor Shubham Jain  341 views

ImgResizer_20250412_1026_56683अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ज़िले के मडराक थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मनोहरपुर गांव में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब होने वाली दुल्हन की मां ही दूल्हे के साथ फरार हो गई — वो भी शादी से महज 9 दिन पहले।

शिवानी की शादी तय हुई... फिर शुरू हुई ‘अनकही लव स्टोरी’

गांव निवासी जितेंद्र कुमार बेंगलुरु में काम करते हैं। उन्होंने अपनी बेटी शिवानी का रिश्ता राहुल नामक युवक से तय किया था। शादी 16 अप्रैल को होनी थी, जिसकी तैयारियां ज़ोरों पर थीं। पिता ने बेटी के लिए 5 लाख के गहने और 3.5 लाख रुपये नकद की व्यवस्था की थी। मगर उन्हें क्या पता था कि घर की इज्ज़त पर इस तरह से 'डाका' पड़ जाएगा।

दरअसल, जब रिश्ता तय हुआ, तब शिवानी की मां ने राहुल को एक स्मार्टफोन गिफ्ट किया था। यहीं से कहानी ने मोड़ लिया। धीरे-धीरे सास और होने वाले दामाद के बीच बातों का सिलसिला शुरू हुआ, जो जल्द ही घंटों की बातचीत और फिर 'खास रिश्ते' में बदल गया।

घरवालों को तब झटका लगा, जब मां लापता हुई

रविवार को शिवानी की मां घर से बाहर जाने का बहाना बनाकर निकली, लेकिन फिर लौटकर नहीं आई। परिजन उसे ढूंढ़ते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। तभी पता चला कि राहुल भी अपने घर से गायब है।

मां-दामाद गायब, साथ में लाखों का कैश और जेवरात भी!

जांच में सामने आया कि राहुल ही अपनी होने वाली सास को लेकर भाग गया। और सिर्फ प्यार ही नहीं, वे घर से 5 लाख रुपये के गहने और 3.5 लाख रुपये नकद भी ले उड़े। शिवानी का कहना है कि उसकी मां घर की एक-एक पाई तक समेटकर ले गई है।

“अब वो मरे या जिए, कोई मतलब नहीं” – बेटी शिवानी का दर्द

घटना से टूट चुकी शिवानी और उसके पिता जितेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उन्हें न रिश्तों से कोई लेना-देना है, न ही महिला से। वो सिर्फ अपने पैसे और गहने वापस चाहते हैं। शिवानी ने साफ शब्दों में कहा — “अब मां जिए या मरे, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन गांव में ये 'सास-दामाद प्रेमकथा' हर किसी की ज़ुबान पर है।


Share:

ब्लैक टाइगर