गंजबासौदा न्यूज | देहात थाना अपडेट | 23 मई 2025
गंजबासौदा की देहात पुलिस ने किसानों की मेहनत की कमाई पर नजर गड़ाए चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। नवीन गल्ला मंडी से फसल बेचकर लौट रहे किसान की मोटरसाइकिल से ₹1,70,000 नगद चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या था मामला?
ग्राम रोजरू अंबा नगर निवासी किसान बशीम खान ने 27 मार्च 2025 को थाना देहात गंजबासौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंडी से फसल बेचकर लौटते समय रास्ते में उसकी बाइक पर रखे पैसे चोरी हो गए। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी श्री मनोज कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सतर्क जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने आरोपी जसवंत सिंह सांसी (निवासी मुंगावली, जिला अशोकनगर) और एक विधि विरुद्ध बालक को धर दबोचा।
मंडी में रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि आरोपी मंडियों में किसानों पर नजर रखते थे। जैसे ही किसान फसल बेचकर लौटते, ये आरोपी मौका पाकर रकम पर हाथ साफ कर देते। इसके अलावा ये शादियों और सामाजिक कार्यक्रमों में भी रेकी कर चोरी करते थे।
क्या-क्या मिला पुलिस के हाथ?
जप्त रकम: ₹1,70,000 नकद
प्रकरण संख्या: 77/2025
धारा: 303(2) BNS
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक आशुतोष सिंह, एएसआई लक्ष्मण सिंह रघुवंशी, आरक्षक शिशुपाल, अजय साहू और सचिन जाट की विशेष भूमिका रही।