
शिवपुरी….करेरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 84 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब ₹16.80 लाख आंकी जा रही है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो आरोपी SAF (विशेष सशस्त्र बल) के जवान हैं। गिरफ्तार जवानों की पहचान उपेंद्र सिंह भदौरिया और सुरेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है, जो 26वीं बटालियन, गुना में पदस्थ थे।
तीसरा आरोपी कमल सिंह राजपूत (निवासी दतिया) को भी पुलिस ने धर दबोचा है, जबकि एक अन्य आरोपी भारत फरार हो गया है।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो अलग-अलग कारों में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने महुअर कॉलोनी के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों गाड़ियां पुलिस के हत्थे चढ़ गईं, जिनमें भारी मात्रा में गांजा छुपाकर ले जाया जा रहा था।
क्या है अगला कदम?
पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। SAF जवानों की गिरफ्तारी से यह मामला और गंभीर हो गया है, जिससे सुरक्षाबलों की साख पर सवाल उठने लगे हैं।
गांजे की तस्करी में शामिल इन जवानों की गिरफ्तारी ने पूरे विभाग में हलचल मचा दी है। आखिर सुरक्षा देने वाले ही जब अपराध में लिप्त पाए जाएं, तो कानून-व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है!