
त्यौंदा। थाना त्यौंदा पुलिस ने गौ तस्करी के एक पुराने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 6 मार्च को घटेरा तिराहे पर हुए उस हादसे से जुड़ी है, जिसमें एक ट्रक पलटने से गौवंश से भरा वाहन पकड़ा गया था।
हादसे से खुला गौ तस्करी का राज
6 मार्च को उदयपुर, कुरवाई की ओर से आ रहा ट्रक (MP04 YF 2785) घटेरा तिराहे पर अनियंत्रित होकर पलट गया था। ट्रक में 12 मवेशी भरे हुए थे, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से अन्य मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल कर प्राथमिक उपचार के बाद गौशाला भिजवाया।
घटना के बाद ग्रामवासी चंदेश कुशवाहा की रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मौके से बरामद मोबाइल फोन की जांच के आधार पर छोटू उर्फ आफताब को 16 मार्च को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की पहचान हुई।
पहले तीन आरोपी, अब दो और दबोचे गए
पुलिस ने 3 अप्रैल को अनस (19), इरशाद (25) और शहाबुद्दीन उर्फ गुल्ला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहीं अब शहाबुद्दीन से पूछताछ के बाद भूरा उर्फ इब्रान कुरैशी और करिया उर्फ शाहरुख कुरैशी के नाम सामने आए, जिन्हें 16 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कई धाराओं में केस दर्ज
आरोपियों पर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ), मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 10 सहित भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 281, 325, 112 जोड़ी गई हैं।
टीम ने दिखाया दम
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी मनोज मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी त्यौंदा की विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में निरीक्षक बलबीर सिंह गौर, उप निरीक्षक आर.एस. यादव, रामबाबू साहू और अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।