
वसीम कुरेशी सांची: विदिशा से लेकर रायसेन तक आज तिरंगा यात्रा की भव्य गूंज सुनाई दी, जिसने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के जोश से भर दिया। केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में निकली इस विशाल यात्रा में हजारों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सांची की गलियां, चौराहे और मुख्य मार्ग तिरंगे की लहरों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठे।
सुबह विदिशा से शुरू हुई यह ऐतिहासिक यात्रा शाम करीब 5 बजे सांची पहुंची। पूरे रास्ते भर लोगों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और राष्ट्रगान से यात्रा का स्वागत किया। इस यात्रा में 100 से अधिक ट्रैक्टर, 400 से ज्यादा कार-जीपें, सैकड़ों मोटरसाइकिलें और हजारों पैदल यात्री शामिल हुए। सांची में पहुंचने पर नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से यात्रा का अभिनंदन किया।
इस दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला, जब शिवराज सिंह चौहान ने अपनी गाड़ी से उतरकर सड़क पर खड़ी स्कूली छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने इन बेटियों को आशीर्वाद दिया और बहनों से राखी बंधवाकर भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत किया। शिवराज की सादगी और प्रेम ने वहां मौजूद हर किसी का दिल जीत लिया।
इस भव्य आयोजन में क्षेत्रीय विधायक प्रभु राम चौधरी, विधायक सुरेंद्र पटवा, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। चारों ओर गूंजते "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के नारों ने सांची के आसमान को भी देशभक्ति के रंग में रंग दिया।