VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Politics/राजनीति / बहन की शादी में सज-धजकर पहुंची पत्नी, नाराज पति ने काट दी चोटी, FIR दर्ज

बहन की शादी में सज-धजकर पहुंची पत्नी, नाराज पति ने काट दी चोटी, FIR दर्ज

2025-04-20  Baby jain  473 views

ImgResizer_20250420_0714_54445

हरदोई (उत्तर प्रदेश)। जिले के सांडी थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की केवल इसलिए चोटी काट दी क्योंकि वह अपनी बहन की शादी के लिए मेकअप और आइब्रो सेट करवाकर घर लौटी थी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, सराय मुल्लागंज मोहल्ला निवासी सुमन की शादी हरपालपुर थाना क्षेत्र के जुग्गापुरवा गांव के राम प्रताप से हुई थी। बहन की शादी को लेकर सुमन कुछ दिन पहले मायके आई थी और समारोह के लिए तैयारियों में जुटी थी। इसी सिलसिले में उसने एक ब्यूटी पार्लर से मेकअप और आइब्रो सेटिंग करवाई।

सज-धज कर घर लौटते ही पति राम प्रताप आगबबूला हो गया। पहले उसने सुमन के साथ कहासुनी की, फिर हाथापाई करते हुए उसकी चोटी काट दी और फरार हो गया। पीड़िता के पिता राधाकृष्ण ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी और दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में शिकायत दर्ज करवाई।

थाना अध्यक्ष के.के. यादव के अनुसार, “घटना के बाद से आरोपी फरार है। पीड़िता की ओर से दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।”

पीड़िता सुमन इस घटना से मानसिक रूप से बुरी तरह प्रभावित है। परिजनों का कहना है कि वह सदमे में है और लगातार रो रही है।

इस मामले ने एक बार फिर से महिलाओं की स्वतंत्रता और घरेलू हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Share:

ब्लैक टाइगर