VIDISHA BHARTI

collapse
...
Home / Politics/राजनीति / भारत के जबरदस्त एक्शन से पाकिस्तान में हड़कंप, आर्मी चीफ असीम मुनीर ने परिवार को विदेश भेजा

भारत के जबरदस्त एक्शन से पाकिस्तान में हड़कंप, आर्मी चीफ असीम मुनीर ने परिवार को विदेश भेजा

2025-04-26  Editor Shubham Jain  352 views

ImgResizer_20250426_0627_32251
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के तेजतर्रार जवाब ने पाकिस्तान में खलबली मचा दी है। भारतीय सेना और सरकार के कड़े रुख से घबराए पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर ने अपने परिवार को प्राइवेट एयरक्राफ्ट के जरिए विदेश भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक, पाक सेना के कई बड़े अफसरों ने भी अपने परिवारों को ब्रिटेन और अमेरिका के न्यू जर्सी भेजा है।

अरब सागर में भारत का दमदार प्रदर्शन

हमले के 48 घंटे के भीतर भारत ने अरब सागर में अपनी सैन्य ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए आईएनएस सूरत से मिसाइल परीक्षण किया। भारतीय नौसेना के इस वार से पाकिस्तान सकते में आ गया। पाकिस्तान द्वारा अरब सागर में फायरिंग ड्रिल शुरू करने के बाद भारत ने जवाब में एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रांत को समंदर में उतार दिया, जिस पर मिग-29के फाइटर जेट्स और अटैक हेलीकॉप्टर तैनात हैं।

सेना प्रमुख का श्रीनगर दौरा, तैयारियों की समीक्षा

भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को श्रीनगर पहुंचकर पहलगाम हमले के बाद की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उनके साथ उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार भी मौजूद रहे। सेना प्रमुख ने सैनिकों को हर चुनौती के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

पाकिस्तान पर केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन

भारत सरकार ने भी पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। केंद्र ने सिंधु जल समझौते को निलंबित कर दिया है। अटारी बॉर्डर से आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर उन्हें 48 घंटे में भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निर्देश दिया है कि वीजा की मियाद खत्म होने के बाद भी कोई पाकिस्तानी नागरिक भारत में न रह सके। भारत ने साफ कर दिया है कि अब आतंकवाद को समर्थन देने वाले पाकिस्तान के खिलाफ हर मोर्चे पर सख्ती बरती जाएगी।


Share:

ब्लैक टाइगर