भोपाल: राजधानी की सड़कों को अपनी जागीर समझने वाले स्टंटबाजों और हुड़दंगियों के खिलाफ भोपाल पुलिस का 'हंटर' तेज हो गया है। वीआईपी रोड (VIP Road) और एयरपोर्ट रोड पर चलती कारों से उत्पात मचाने और राहगीरों की जान जोखिम में डालने वाले दूसरे आरोपी चालक इकबाल अब्बासी को पुलिस ने धरदबोचा है।
इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि रसूख का नशा कानून के आगे नहीं चलेगा।
एमपी नगर की पार्किंग में छिपाई थी कार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इकबाल अब्बासी पुलिस से बचने के लिए लुका-छिपी का खेल खेल रहा था। उसने अपनी गाड़ी को स्मार्ट पार्किंग, एमपी नगर जोन 1 में ले जाकर छिपा दिया था, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। लेकिन सूबेदार जितेंद्र अटेरिया और उनकी टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर गाड़ी को ट्रेस किया और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
रसूख के नशे में भूली थी इंसानियत
बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ रसूखदार युवक भोपाल की सबसे खूबसूरत सड़क 'वीआईपी रोड' पर अपनी गाड़ियों को बीच सड़क रोककर हुड़दंग मचाते दिखे थे।
सड़क पर कब्जा: इन हुड़दंगियों ने आम जनता के लिए रास्ता बंद कर दिया था।
जानलेवा स्टंट: एयरपोर्ट रोड पर लहराती हुई गाड़ियों के साथ खतरनाक स्टंट किए गए।
दहशत में राहगीर: बीच सड़क पर इस उत्पात ने वहां से गुजरने वाले परिवारों और राहगीरों के मन में खौफ पैदा कर दिया था।
ये तस्वीरें किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रही थीं। अपनी और दूसरों की जान की कीमत भूलकर ये युवक सिर्फ अपनी 'शन' दिखाने में मशगूल थे।
सूबेदार जितेंद्र अटेरिया की एक और 'सराहनीय' स्ट्राइक
इस पूरे मामले में भोपाल पुलिस के सूबेदार जितेंद्र अटेरिया की भूमिका की जमकर तारीफ हो रही है। वीडियो वायरल होने के चंद दिनों के भीतर ही उन्होंने न सिर्फ पहली गिरफ्तारी सुनिश्चित की, बल्कि अब दूसरे मुख्य आरोपी इकबाल अब्बासी को भी गिरफ्तार कर लिया है। उनकी इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने शहर के अन्य हुड़दंगियों के मन में भी डर पैदा कर दिया है।
सख्त धाराओं में कार्रवाई की तैयारी
भोपाल पुलिस अब इन स्टंटबाजों पर नकेल कसने के लिए सख्त कानूनी धाराओं का सहारा ले रही है। सार्वजनिक मार्ग पर बाधा उत्पन्न करने, ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने और आमजन की जान खतरे में डालने के आरोप में इन पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर की शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।