भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। शहर के टीला जमालपुरा इलाके में दो नाबालिग लड़कों ने एक 10वीं के छात्र पर इस कदर हमला किया जैसे कोई खूंखार अपराधी हो। महज 30 सेकेंड के भीतर छात्र पर 27 बार चाकू और छुरियों से हमला किया गया। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्नूकर क्लब बना ‘खून का अखाड़ा’
वारदात टीला जमालपुरा के गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब की है। 15 फरवरी की शाम, पीड़ित छात्र अपने दोस्तों के साथ क्लब में खेल रहा था। तभी दो नाबालिग आरोपी 'फिल्मी स्टाइल' में क्लब के अंदर दाखिल हुए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने छात्र पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
हमला इतना वीभत्स था कि छात्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमलावर उसे तब तक मारते रहे जब तक वह लहूलुहान होकर गिर नहीं गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फिल्मी अंदाज में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
30 सेकेंड, 27 वार और शरीर पर गहरे जख्म
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। 30 सेकेंड के इस खूनी खेल में छात्र के शरीर पर 27 घाव आए हैं।
हाथों पर 10 से ज्यादा कट: खुद को बचाने की कोशिश में छात्र के हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए।
कटी उंगलियां: हमले में छात्र की दो उंगलियां भी कट गई हैं।
पीठ और कंधे पर वार: छात्र की पीठ और कंधे पर चाकू के गहरे निशान हैं।
वर्तमान में घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कोचिंग का 'थप्पड़' बना जानलेवा दुश्मनी की वजह
हैरानी की बात यह है कि हमलावर और पीड़ित एक ही कोचिंग क्लास में साथ पढ़ते हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले कोचिंग में इनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान छात्र ने आरोपियों में से एक को थप्पड़ मार दिया था। इसी मामूली बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने जानलेवा हमले की साजिश रची।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल?
घटना 15 फरवरी की है, लेकिन इसका खौफनाक वीडियो 22 फरवरी को सामने आया। फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। हालांकि, शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में साधारण धाराओं में FIR दर्ज की थी। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल दोनों नाबालिग आरोपी पुलिस की रडार पर हैं।