रिपोर्ट स्वाति श्रीवास्तव विदिशा
जिले में शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि को संबंधित ग्राम पंचायत की गौ-शाला से जोड़कर पंचायत को सौंपा जा रहा है, जिससे इन जमीनों का उपयोग सामुदायिक लाभ के लिए हो सके।
कलेक्टर द्वारा सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करें। इसी क्रम में सिरोंज के एसडीएम हर्षल चौधरी ने बताया कि सिरोंज तहसील के ग्राम महुआखेड़ा कुलुआ में सर्वे नंबर 151 पर स्थित 6.032 हेक्टेयर शासकीय चरनोई भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया है।
अतिक्रमण हटाने के बाद इस भूमि को गौ-शाला के उपयोग के लिए ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया गया। यह कार्यवाही न केवल भूमि संरक्षण के उद्देश्य से की गई है, बल्कि पशुधन के संरक्षण और उनके समुचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
गौरतलब है कि इस प्रकार की कार्यवाहियों से शासकीय भूमि को अतिक्रमण से बचाने और उसे जनहित में उपयोग में लाने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है। कलेक्टर सिंह ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।