शिवपुरी (करेरा/दिनारा): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करेरा विधानसभा हमेशा किसी न किसी वजह से चर्चा में रहती है। लेकिन इस बार मामला किसी विकास कार्य का नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विधायक रमेश प्रसाद खटीक के एक ऐसे बयान का है जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। विधायक जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वह सरेआम कह रहे हैं कि “करेरा में दो नंबर का काम होता है!”
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मामला दिनारा कस्बे से शुरू हुआ। यहाँ SDM अनुराग निंगवाल की टीम ने दिनारा व्यापार संघ के अध्यक्ष की दुकान पर छापामार कार्रवाई की और उसे सील कर दिया। प्रशासन की इस 'कड़क' कार्रवाई से नाराज होकर कस्बे के सभी गल्ला व्यापारी हड़ताल पर चले गए और अपनी दुकानें बंद कर दीं। व्यापारियों के इसी गुस्से को शांत करने और उन्हें समर्थन देने के लिए विधायक रमेश प्रसाद खटीक रेस्ट हाउस पहुंचे थे।
कलेक्टर को फोन और वो 'विवादित' बयान
रेस्ट हाउस में व्यापारियों के बीच बैठे विधायक जी जोश में नजर आए। उन्होंने मौके से ही कलेक्टर को फोन लगा दिया। फोन पर विधायक ने SDM की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी व्यापारियों को धमका रहे हैं और उनमें भय पैदा कर रहे हैं।
बातचीत के दौरान ही विधायक जी कुछ ऐसा बोल गए जो अब उनके लिए गले की फांस बन सकता है। वायरल वीडियो में विधायक स्पष्ट कहते सुनाई दे रहे हैं:
“दिनारा में दो नंबर का काम नहीं होता, यहाँ सब एक नंबर में होता है... जबकि करेरा में दो नंबर का काम होता है।”
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, उठ रहे सवाल
विधायक का यह बयान जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, लोगों ने चटखारे लेना शुरू कर दिया। विपक्ष और आम जनता अब यह सवाल पूछ रही है कि क्या विधायक जी को पहले से पता है कि उनके क्षेत्र के किस हिस्से में 'दो नंबर' का खेल चल रहा है? अपनी ही विधानसभा के एक हिस्से (करेरा) को अवैध कामों का केंद्र बताकर क्या विधायक ने खुद की व्यवस्था पर सवाल नहीं खड़े कर दिए?
व्यापारियों की नाराजगी बरकरार
फिलहाल, दिनारा के व्यापारी SDM की कार्रवाई से बेहद खफा हैं। उनका कहना है कि प्रशासन उन्हें बेवजह परेशान कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर विधायक जी के इस 'ईमानदार' कबूलनामे ने जिले की राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है। अब देखना यह है कि इस बयान के बाद प्रशासन करेरा में चल रहे 'दो नंबर' के कामों पर क्या एक्शन लेता है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *