Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / विदिशा समाचार / किस्त वसूली के लिए खेत पहुंचे फाइनेंसकर्मी,विवाद के बाद किसान ने पिया कीटनाशक

किस्त वसूली के लिए खेत पहुंचे फाइनेंसकर्मी,विवाद के बाद किसान ने पिया कीटनाशक

13-11-2026  Vidisha Bharti Desk  377 views
किस्त वसूली के लिए खेत पहुंचे फाइनेंसकर्मी,विवाद के बाद किसान ने पिया कीटनाशक

ग्यारसपुर। ट्रैक्टर की किस्त जमा करने में हुई देरी को लेकर किसान और फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि किस्त वसूली के लिए कंपनी के कर्मचारी किसान के खेत पर पहुंचे और ट्रैक्टर के साथ धान से भरी ट्रॉली भी ले जाने लगे। इस दौरान धक्का-मुक्की और कहासुनी हुई। परिजनों का आरोप है कि इस घटनाक्रम से परेशान होकर किसान मलखान सिंह ने घर पहुंचकर कीटनाशक का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है। 
चार किस्तें जमा, पांचवीं में हुई थी देरी ImgResizer_20261113_1339_45641
जानकारी के अनुसार मामला गुलाबगंज क्षेत्र के एक गांव का है। किसान मलखान सिंह ने जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर खरीदा था, जिसका फाइनेंस सुंदरम फाइनेंस कंपनी से कराया गया था। परिजनों के मुताबिक ट्रैक्टर की चार किस्तें जमा की जा चुकी थीं, लेकिन पांचवीं किस्त जमा करने में कुछ देरी हो गई थी।

किसान के बड़े भाई समंदर सिंह मीणा के अनुसार, धान की थ्रेसिंग और बिक्री के बाद किस्त जमा करने के लिए फाइनेंस कंपनी से दो दिन का समय मांगा गया था। आरोप है कि इसके बावजूद कंपनी से जुड़े पांच लोग खेत पर पहुंच गए और ट्रैक्टर के साथ धान से भरी ट्रॉली ले जाने लगे। ImgResizer_20261113_1338_04459
विरोध करने पर धक्का-मुक्की का आरोप

परिजनों का कहना है कि खेत पर ट्रैक्टर और धान से भरी ट्रॉली ले जाने का विरोध करने पर फाइनेंसकर्मियों ने धक्का-मुक्की की और अभद्रता की। इस घटनाक्रम के बाद मलखान सिंह घर पहुंचा और वहां रखी कीटनाशक दवा पी ली। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किए बयान

घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर गुलाबगंज तहसीलदार अरविंद यादव जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने किसान के बयान दर्ज किए और परिजनों से भी घटनाक्रम की जानकारी ली।

तहसीलदार अरविंद यादव के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सुंदरम फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट किस्त वसूली के लिए किसान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान हुए घटनाक्रम के बाद किसान ने कीटनाशक का सेवन किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डॉक्टरों की निगरानी में किसान का उपचार

जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार किसान ने ईएमआई और पैसों से जुड़े विवाद के बाद कीटनाशक का सेवन किया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

मामले में अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खेत पर पहुंचे रिकवरी एजेंटों और किसान के बीच क्या घटनाक्रम हुआ तथा किसकी क्या भूमिका रही। किसान के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy