वसीम कुरेशी रायसेन। मध्यप्रदेश में 108 एंबुलेंस और जननी एक्सप्रेस सेवाओं के संचालन पर सवाल खड़े करने वाला मामला रायसेन जिले में सामने आया है। यहां जिला अस्पताल की जननी एक्सप्रेस को प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को लेने के लिए कथित तौर पर फर्जी कॉल किया गया। सूचना पर वाहन करीब डेढ़ घंटे तक 30 से 40 किलोमीटर दौड़ता रहा, लेकिन मौके पर कोई मरीज नहीं मिला। जांच के दौरान कॉल करने वाले की पहचान जिला अस्पताल के ही एक सफाई कर्मचारी के रूप में सामने आने की बात कही जा रही है।
इस मामले ने एंबुलेंस सेवाओं की निगरानी और संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यदि किसी वाहन की उपलब्धता, कॉल और संचालन की निगरानी में ऐसी गड़बड़ी संभव है, तो प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस तरह की अनियमितताओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, दूसरे जिलों में ऐसी घटनाएं होने की अभी कोई पुष्टि सामने नहीं आई है।
उपलब्धता जांच के दौरान सामने आया मामला
108 एंबुलेंस के नोडल अधिकारी एमडी भारती के अनुसार, जननी एक्सप्रेस की उपलब्धता की जांच के दौरान पायलट ने बताया कि उसे प्रसव पीड़ा से संबंधित मरीज को लेने के लिए कॉल आया है। वाहन खराब होने के कारण मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे लगने की जानकारी भी दी गई। इसके बाद संबंधित कॉल और मोबाइल नंबर की पड़ताल कराई गई। जांच में जिला अस्पताल के एक कर्मचारी की भूमिका सामने आई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री, सिविल सर्जन डॉ. अनिल ओढ़ और नोडल अधिकारी रात में जिला अस्पताल पहुंचे। सीएमएचओ ने संबंधित मोबाइल नंबर पर स्वयं फोन कर मामले की पुष्टि की।
वाहन की रीडिंग बढ़ाने की आशंका
नोडल अधिकारी के मुताबिक, फर्जी कॉल के जरिए जननी एक्सप्रेस को अनावश्यक रूप से चलवाकर वाहन की किलोमीटर रीडिंग बढ़ाने की आशंका है। यदि जांच में यह बात प्रमाणित होती है, तो यह केवल सेवा का दुरुपयोग नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों के लिए उपलब्ध आपातकालीन संसाधनों के गलत इस्तेमाल का मामला भी होगा।
अधिकारियों के अनुसार, संबंधित वेंडर के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। मामले में जिम्मेदारी तय करने और पूरी प्रक्रिया की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
अन्य जिलों में भी जांच जरूरी
रायसेन की घटना के बाद प्रदेशभर में 108 एंबुलेंस और जननी एक्सप्रेस के संचालन की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की जरूरत महसूस हो रही है। दूसरे जिलों में भी कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल नंबर, जीपीएस लोकेशन, वाहन की किलोमीटर रीडिंग और मरीजों को दी गई सेवा के रिकॉर्ड का मिलान कराया जाए, तो संभावित अनियमितताओं का पता लगाया जा सकता है।
खास तौर पर यह जांच जरूरी है कि कहीं फर्जी कॉल के माध्यम से वाहन चलाने, अनावश्यक दूरी दर्ज कराने या सेवा संचालन के आंकड़ों में हेरफेर जैसी गतिविधियां तो नहीं हो रही हैं। इसके लिए जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर भी एक समान जांच व्यवस्था बनाई जा सकती है।
मरीजों की सेवा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
जननी एक्सप्रेस गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण सेवा है। ऐसे में फर्जी कॉल के कारण वाहन का समय और संसाधन बर्बाद होना गंभीर चिंता का विषय है। जिस समय वाहन बिना मरीज के दौड़ रहा था, उसी दौरान किसी वास्तविक जरूरतमंद महिला को इसकी आवश्यकता पड़ सकती थी।
रायसेन का मामला स्वास्थ्य विभाग के लिए चेतावनी है। अब देखना होगा कि शासन और स्वास्थ्य विभाग केवल संबंधित मामले में कार्रवाई तक सीमित रहते हैं या प्रदेश के अन्य जिलों में भी एंबुलेंस और जननी एक्सप्रेस के संचालन की व्यापक जांच कराकर व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हैं।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *