भोपाल। कोलार रोड थाना क्षेत्र में एसीपी के घर हुई नकबजनी के मामले में पुलिस को दोबारा की गई पूछताछ के बाद बड़ी बरामदगी हाथ लगी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार चार आरोपियों से अब तक करीब 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया जा चुका है। इसमें करीब 400 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवरात, नकदी, स्विफ्ट कार, आईफोन और अन्य कीमती मोबाइल फोन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान लंबे समय तक पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। कभी इंदौर तो कभी दूसरे स्थानों पर चोरी का माल छिपाने की जानकारी दी गई। पुलिस ने आरोपियों का दोबारा पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की और उनके बताए स्थानों की तस्दीक कराई। तस्दीक में कुछ दावे गलत पाए जाने के बाद पुलिस ने दोबारा पूछताछ की, जिसके बाद राजस्थान और उज्जैन से सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।
46 लाख के जेवरों की नई बरामदगी
कोलार रोड पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई में करीब 30 तोला सोने के जेवरात और 300 ग्राम चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा चोरी का सामान इंदौर सराफा बाजार में बेचने की बात कही गई थी। पुलिस ने जब इस जानकारी की तस्दीक की तो कहानी सही नहीं पाई गई। इसके बाद आरोपियों से दोबारा पूछताछ की गई और उनके बताए ठिकानों पर टीम भेजी गई।
राजस्थान के भीलवाड़ा से सोने-चांदी के जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा ने पहले इंदौर के सराफा बाजार में चोरी का माल बेचने की जानकारी दी थी। पुलिस की जांच में यह जानकारी गलत पाए जाने के बाद आरोपी से दोबारा पूछताछ की गई।
इसके बाद पुलिस आरोपी के गांव नेगड़िया का खेड़ा, थाना गंगापुर, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान पहुंची। पुलिस के मुताबिक वहां से करीब 20 तोला सोने और 150 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों को राजस्थान, उज्जैन और इंदौर ले जाकर पूछताछ और तस्दीक की कार्रवाई भी की थी।
उज्जैन के मक्सी रोड से भी बरामदगी
दूसरे आरोपी रोहित पाल ने भी पुलिस को इंदौर सराफा बाजार में चोरी का माल बेचने की जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार तस्दीक के दौरान यह जानकारी भी सही नहीं मिली।
इसके बाद आरोपी से दोबारा पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर मक्सी रोड उज्जैन बस स्टैंड के पीछे से करीब 10 तोला सोने और 150 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार नई बरामदगी की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये है।
पहले ही बरामद हो चुका था 25 लाख का माल
इस मामले में पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उस दौरान आरोपियों के कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, कार और कीमती मोबाइल फोन सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया था।
अब दोबारा पूछताछ के बाद करीब 46 लाख रुपये के जेवरात की बरामदगी के साथ मामले में कुल बरामदगी करीब 71 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
पुलिस के अनुसार अब तक करीब 400 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवरात, 1 लाख 76 हजार रुपये नकद, स्विफ्ट कार, आईफोन और अन्य कीमती मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।
11 सितंबर को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार कोलार रोड थाना क्षेत्र में 11 सितंबर 2026 को फरियादी विजय कुमार दुबे, निवासी डीके-2/507 दानिशकुंज, कोलार रोड भोपाल की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 561/26 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305ए और 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों और चोरी गए माल की जल्द बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोलार रोड थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
चार आरोपियों पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में रोहित पाल, पवन आर्य, दीपक गुर्जर और देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रोहित पाल के खिलाफ 15 अपराध, पवन आर्य के खिलाफ 39 अपराध, दीपक गुर्जर के खिलाफ 2 अपराध और देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा के खिलाफ 15 अपराध दर्ज बताए गए हैं। इन आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी पुलिस ने प्रेस नोट में दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों से अभी भी पूछताछ की जा रही है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम की भूमिका
पूरी कार्रवाई में कोलार रोड थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में जनार्दन मिश्रा, मनोज यादव, दौलत मालवीय, प्रदीप मिश्रा, अनुरोध सिंह, अमित दिवाकर और प्रवीण यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
क्राइम ब्रांच की ओर से निरीक्षक मनीश राज भदौरिया, निरीक्षक अशोक मरावी, उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, विनीत, विजय सिंह सेंगर, अंकित शर्मा, अनिल दुबे और रोहित मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस आरोपियों का दोबारा रिमांड लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान चोरी के माल से जुड़े अन्य सुराग और बरामदगी की संभावनाओं को भी खंगाला जा रहा है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *