भोपाल। राजधानी की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसी सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। दिल्ली की मशहूर 'शुभ्रा रंजन IAS एकेडमी' की संचालिका को सेमिनार और नए सेंटर का झांसा देकर भोपाल बुलाया गया और फिर मौत का खौफ दिखाकर उनसे 1.89 करोड़ रुपये लूट लिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड एकेडमी का ही एक पुराना छात्र प्रियांक शर्मा निकला।
सुंदरकांड की आड़ में रची साजिश, चीखें दबाने का था इंतजाम
वारदात को अंजाम देने के लिए प्रियांक ने बड़ी ही शातिर प्लानिंग की थी। घटना वाले दिन ही उसने एक घर किराए पर लिया और वहां सुंदरकांड का पाठ रखवाया। इसके पीछे मकसद था कि जब अंदर हथियारों के दम पर लूट और मारपीट हो, तो पीड़ितों की चीख-पुकार लाउडस्पीकर के शोर में दब जाए।
फिल्मी स्टाइल में 'किडनी और मौत' का ड्रामा
मास्टरमाइंड ने खौफ पैदा करने के लिए एक साथी को बक्से में बंद कर रस्सी से बांधा और उसका वीडियो बनाया, ताकि संचालिका को लगे कि ये लोग किसी की भी जान ले सकते हैं। संचालिका और उनके स्टाफ को पिस्टल और कट्टे की नोक पर बंधक बनाकर डिजिटल तरीके से 1.89 करोड़ रुपये अपने खातों (जनकशिला और आरएस एंटरप्राइजेस) में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस से बचने के लिए AIIMS के ICU में हुआ भर्ती
पैसा ऐंठने के बाद शातिर प्रियांक शर्मा ने पुलिस से बचने के लिए बीमारी का नाटक किया और खुद को भोपाल AIIMS के ICU में भर्ती करवा लिया। जब क्राइम ब्रांच की टीम उसे पकड़ने पहुंची, तो उसकी पत्नी और मां ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। हालांकि, डॉक्टरों ने जब उसे फिट घोषित किया, तब पुलिस ने उसे दबोच लिया।
क्राइम ब्रांच की त्वरित कार्रवाई: चंद घंटों में रकम ‘फ्रीज’
भोपाल क्राइम ब्रांच ने सक्रियता दिखाते हुए न केवल मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया, बल्कि लूटी गई पूरी राशि को बैंक खातों में होल्ड (Freeze) करवा दिया है। अब यह पैसा जल्द ही पीड़िता के खाते में वापस लौटा दिया जाएगा। पुलिस ने प्रियांक के साथ उसके 5 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है, जो दतिया और रीवा से बुलाए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- प्रियांक शर्मा (मास्टरमाइंड)
- रोहित मालवीय (हथियार के साथ शामिल)
- दीपक भगत (मौत की एक्टिंग करने वाला)
- विकास उर्फ विक्की (साजिशकर्ता)
- कुनाल यादव और पंकज अहिरवार (सहयोगी)
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *