Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / राजनीति / विदिशा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई

विदिशा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई

08-09-2026  Vijay Sharma  35 views
विदिशा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई

विदिशा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी क्रम में 7 सितंबर 2026 को बासौदा देहात और कुरवाई थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन बरामद किया।

दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 95 लीटर अवैध कच्ची और देशी शराब बरामद की। साथ ही करीब 4,000 लीटर महुआ लाहन मौके पर नष्ट कराया गया। पुलिस के अनुसार बरामद और नष्ट सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 7.09 लाख रुपये है।

कंजर टपरा में 75 पुलिसकर्मियों ने की सर्चिंग

बासौदा देहात थाना क्षेत्र के कंजर टपरा, जेल रोड पर 7 सितंबर की सुबह करीब 5:45 बजे पुलिस ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया। अवैध शराब निर्माण और आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न थानों तथा पुलिस लाइन से करीब 75 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों का बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस के अनुसार सर्चिंग के दौरान मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। तलाशी के दौरान अवैध देशी शराब बनाने के लिए संचालित दो भट्ठियां मिलीं।

मौके से करीब 2,000 लीटर महुआ लाहन बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

इसके अलावा प्लास्टिक के केन और पन्नियों में करीब 70 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है।

बासौदा देहात की कार्रवाई में बरामद और नष्ट सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है। अवैध शराब के संबंध में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कुरवाई में 25 लीटर यूरिया युक्त कच्ची शराब जब्त

दूसरी कार्रवाई कुरवाई थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया बागड़ी में हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध कच्ची शराब लेकर बिक्री के लिए बैठा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम राहगीर पंचों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 35 लीटर क्षमता की काले रंग की प्लास्टिक केन में करीब 25 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित यूरिया युक्त कच्ची शराब मिली। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 2,500 रुपये बताई है।

इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार करीब 2 लाख रुपये कीमत का महुआ लाहन भी बरामद हुआ। पुलिस ने लाहन को नियमानुसार मौके पर नष्ट कराया।

आरोपी गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

कुरवाई पुलिस के अनुसार मामले में गोरेलाल बागड़ी पिता कन्हई बागड़ी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खिरिया बागड़ी को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी के खिलाफ थाना कुरवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 49(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कुरवाई कार्रवाई में जब्त और नष्ट सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 2 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की रही भूमिका

बासौदा देहात की कार्रवाई में थाना प्रभारी जयकुमार सिंह, बासौदा शहर थाना प्रभारी संजय बेदिया, निरीक्षक सुदामा प्रसाद, त्योंदा थाना प्रभारी गौरव रघुवंशी, हैदरगढ़ थाना प्रभारी रघुराज सिंह, पठारी थाना प्रभारी ऋतुराज सिंह, पथरिया थाना प्रभारी रोहित कौरव सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका रही।

वहीं कुरवाई की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आर.के. मिश्रा, उप निरीक्षक रघुपति यादव, सहायक उप निरीक्षक शिव शंकर यादव सहित पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में भाग लिया।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई का आंकड़ा

  • अवैध देशी और कच्ची शराब: 95 लीटर
  • महुआ लाहन: करीब 4,000 लीटर
  • अवैध शराब भट्ठियां: 2
  • कुल अनुमानित मशरूका: करीब 7.09 लाख रुपये
  • गिरफ्तार आरोपी: 1
  • बासौदा सर्चिंग में पुलिस बल: करीब 75 अधिकारी-कर्मचारी

Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy