सालीचौका। नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा क्षेत्र के सालीचौका मुख्य बाजार में एक युवती से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ। युवती और उसके परिजनों ने बाजार में एक युवक की लाठी और चप्पलों से पिटाई कर दी। इसी दौरान युवक के कुछ साथी भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना में युवती के पिता के सिर में चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, युवक पर पिछले कुछ दिनों से युवती को परेशान करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि रविवार को युवती ने युवक को सालीचौका के मुख्य बाजार में देखा। इसके बाद युवती अपनी बहन, मां, पिता और दादी के साथ युवक के पास पहुंची। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और परिजनों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी।
युवक के साथी पहुंचे, दोनों पक्षों में मारपीट
युवक की पिटाई के दौरान उसके कुछ साथी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद ने और तूल पकड़ लिया। युवक के साथियों ने युवती के परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान युवती के पिता के सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा।
आधे घंटे तक बाजार में चलता रहा हंगामा
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, मुख्य बाजार की सड़क पर करीब आधे घंटे तक विवाद और मारपीट होती रही। बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए बाजार का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस चौकी में शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सालीचौका पुलिस चौकी में शिकायत की है। परिवार ने युवक पर युवती को परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और दोनों पक्षों के बयानों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट में कौन-कौन शामिल था।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *