Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / विदिशा समाचार / विदिशा में 92.600 किलो गंधक-पोटाश जब्त,85 गचकुण्डियों के साथ दो गिरफ्तार

विदिशा में 92.600 किलो गंधक-पोटाश जब्त,85 गचकुण्डियों के साथ दो गिरफ्तार

07-11-2026  Vidisha Bharti Desk  89 views
विदिशा में 92.600 किलो गंधक-पोटाश जब्त,85 गचकुण्डियों के साथ दो गिरफ्तार

विदिशा। जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के क्रय-विक्रय और भंडारण के खिलाफ त्योंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम रसूलपुर स्थित पटाखा बाजार के पास एक लोडिंग ऑटो से 92.600 किलोग्राम गंधक-पोटाश और 85 गचकुण्डियाँ बरामद की हैं। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बिना वैध लाइसेंस के विस्फोटक सामग्री बिक्री के लिए लेकर जा रहे थे।

विदिशा पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, यह कार्रवाई 6 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि ग्राम रसूलपुर के पटाखा बाजार के पास एक लोडिंग ऑटो में दो व्यक्ति अवैध रूप से गंधक-पोटाश और गचकुण्डियाँ रखकर बिक्री करने की तैयारी में हैं।

सूचना मिलते ही त्योंदा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोडिंग ऑटो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरियों में रखी 92.600 किलोग्राम गंधक-पोटाश और 85 गचकुण्डियाँ मिलीं। पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

रायसेन गेट और इछावर के निवासी हैं आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्यारे मियां पिता रहीश मियां, निवासी रायसेन गेट, जिला विदिशा और मननान पिता बन्ने खां, निवासी इछावर, जिला सीहोर के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

त्योंदा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 9(ख), 1(ख) विस्फोटक अधिनियम और धारा 288 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी और कुरवाई एसडीओपी शिखा भलावी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गौरव रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई में प्रधान आरक्षक जितेन्द्र खटीक, आरक्षक शिवम सिंह तोमर, आरक्षक शुभम शर्मा और आरक्षक दिलीप धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विदिशा पुलिस ने अवैध विस्फोटक सामग्री के क्रय-विक्रय और भंडारण के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy