Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / राजनीति / सांची की 'नई उड़ान': विश्व धरोहर को मिली विश्वस्तरीय रेल सौगात

सांची की 'नई उड़ान': विश्व धरोहर को मिली विश्वस्तरीय रेल सौगात

17-07-2026  Vijay Sharma  152 views
सांची की 'नई उड़ान': विश्व धरोहर को मिली विश्वस्तरीय रेल सौगात

स्थानीय संपादक वसीम कुरैशी सांची / रायसेन। शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक सांची के लिए एक नई सुबह लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब वर्चुअली बटन दबाकर 'अमृत भारत स्टेशन योजना' का शुभारंभ किया, तो सांची का नाम भी देश के उन 75 स्टेशनों की सूची में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया, जो अब अपनी पुरानी पहचान को आधुनिकता के नए कलेवर में ढाल चुके हैं। 8.77 करोड़ रुपये की लागत से सांची रेलवे स्टेशन अब किसी एयरपोर्ट जैसी सुख-सुविधाओं का अहसास करा रहा है।

राज्यपाल ने कहा- “सांची की गौरवशाली विरासत को मिला आधुनिक पंख”

सांची में आयोजित मुख्य समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने शिरकत की। राज्यपाल ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि यह महज एक स्टेशन का जीर्णोद्धार नहीं है, बल्कि आने वाले 40-50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई एक भविष्यवादी संरचना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “सांची हमारी सांस्कृतिक थाती है, और अब इसे विश्वस्तरीय रेल सुविधाएं मिलने से दुनिया भर के पर्यटकों को एक सुखद अनुभव मिलेगा।”

IMG-20260717-WA0172
क्या-क्या है खास? अब सांची में मिलेगा एयरपोर्ट जैसा फील

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सांची स्टेशन को पूरी तरह 'अपग्रेड' किया गया है। अब यात्रियों को यहाँ:

भव्य और आधुनिक प्रतीक्षालय: जहाँ बैठकर यात्री आराम कर सकेंगे।

स्मार्ट सूचना तंत्र: आधुनिक ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड और कोच गाइडेंस सिस्टम।

सुगम आवागमन: उन्नत सर्कुलेटिंग एरिया, जिससे स्टेशन परिसर में ट्रैफिक का झंझट खत्म होगा।

ये तमाम सुविधाएं अब देश-विदेश से आने वाले बौद्ध पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए यात्रा को यादगार बनाएंगी।

मंत्री और विधायक ने जताया आभार, रखीं नई मांगें

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इसे 'विकसित भारत' की ओर बढ़ता एक सशक्त कदम बताया। वहीं, स्थानीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने इस उपलब्धि को जिले के लिए ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए एक बड़ा दांव भी चला। नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम के माध्यम से उन्होंने सांची स्टेशन पर 'दादर-अमृतसर एक्सप्रेस' और 'महामना एक्सप्रेस' के ठहराव की मांग रखी, जिसे सुनकर मौजूद हजारों लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और स्कूली बच्चों के शानदार योग प्रदर्शन से हुई। संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा उर्वशी साहू ने अपनी प्रस्तुति से मंच पर समां बांध दिया। मंचासीन अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रूप से 'जीवंत पौधों' को भेंट कर किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश था। प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित कर उनके मनोबल को भी बढ़ाया गया।

चर्चा का विषय बनी ‘अनिश्चितता’

हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर दिन भर एक बात की चर्चा रही—कुछ बड़े नेताओं के न पहुँचने की खबर। उनके आने की संभावनाओं के बीच अचानक उनके न आने से कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बीच दिनभर कयासों और चर्चाओं का दौर चलता रहा। लेकिन बावजूद इसके, सांची के विकास की यह खुशी चर्चाओं पर भारी रही।

पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने साफ किया कि सांची का यह कायाकल्प यात्रियों के सुगम आवागमन को केंद्र में रखकर किया गया है। अब सांची केवल स्तूपों की नगरी नहीं, बल्कि आधुनिक रेल यात्रा का एक प्रमुख केंद्र भी बन चुका है।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy