इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसका दी थी। एक नाबालिग छात्रा ने खुद के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की ऐसी खौफनाक कहानी बुनी कि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लेकिन जब खाकी ने अपनी तफ्तीश का जाल बिछाया, तो सच किसी फिल्मी ट्विस्ट की तरह सामने आया। जिसे छात्रा 'गुनाहगार' बता रही थी, वो असल में उसका बॉयफ्रेंड निकला और पूरी कहानी महज 'माँ की डांट' से बचने के लिए रचा गया एक स्वांग थी।
कोचिंग के बहाने 'डेट', फिर शुरू हुआ झूठ का खेल
मामला तिलक नगर थाना क्षेत्र का है। 17 वर्षीय छात्रा बुधवार को बंगाली चौराहा स्थित अपने कोचिंग सेंटर के लिए निकली थी। घर वालों को लगा कि बेटी पढ़ाई कर रही है, लेकिन छात्रा वहां महज 5 मिनट रुकी और अपने बॉयफ्रेंड अंश से मिलने विजय नगर स्थित एक होटल पहुँच गई। घंटों साथ वक्त बिताने के बाद जब शाम के 7:30 बजे, तो छात्रा को एहसास हुआ कि घर पहुँचने में काफी देर हो चुकी है और आज माँ की खैर नहीं।
खुद को जख्मी किया और मां को किया कॉल
बॉयफ्रेंड तो अपने घर चला गया, लेकिन छात्रा ने खुद को बचाने के लिए एक खतरनाक साजिश रची। वह बायपास इलाके में पहुंची और वहां राहगीरों से मदद मांगकर अपनी माँ को फोन किया। छात्रा ने रोते हुए बताया कि "तीन कार सवार बदमाशों ने उसका अपहरण किया और उसके साथ गैंगरेप किया है।" कहानी को सच दिखाने के लिए उसने अपने हाथों पर खुद ही घाव भी बना लिए थे।
“पुलिस की मुस्तैदी ने चंद घंटों में बेनकाब किया झूठ। सीसीटीवी फुटेज ने खोली छात्रा की पोल।”
CCTV फुटेज ने बिगाड़ा छात्रा का ‘प्लान’
मामले की गंभीरता देखते हुए डीसीपी जोन-2 अमनसिंह राठौर और एडीसीपी अमरेंद्रसिंह खुद मैदान में उतरे। पुलिस ने छात्रा के बयानों में विरोधाभास पाते ही तीन टीमें गठित कीं:
पहली टीम: कोचिंग सेंटर पहुंची, जहां पता चला कि छात्रा सिर्फ 5 मिनट के लिए आई थी।
दूसरी टीम: इलाके के सीसीटीवी खंगालने लगी, जिसमें छात्रा अपनी मर्जी से बॉयफ्रेंड के साथ जाती दिखी।
तीसरी टीम: होटल पहुंची, जहां रिसेप्शन पर दोनों की आईडी और साथ में एंट्री के पुख्ता सबूत मिल गए।
प्यार पड़ा भारी: बॉयफ्रेंड अब जेल में
जब पुलिस ने छात्रा के बॉयफ्रेंड अंश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। उसने बताया कि वे दोनों पहले भी मिलते रहे हैं और उस दिन भी आपसी सहमति से होटल गए थे। हालांकि, छात्रा नाबालिग है, इसलिए पुलिस ने तकनीकी और कानूनी आधार पर अंश के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट (POCSO Act) की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अभिभावकों के लिए बड़ा सबक
यह घटना समाज और पेरेंट्स के लिए एक बड़ी चेतावनी है। माँ की डांट के डर से एक नाबालिग ने न केवल कानून का वक्त बर्बाद किया, बल्कि एक युवक की जिंदगी भी दांव पर लगा दी। फिलहाल पुलिस छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज करवा रही है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *