आगर मालवा: आगर मालवा जिले की कोतवाली पुलिस ने नशे के सौदागरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। पुलिस ने एक ऐसे कंटेनर को पकड़ा है, जो बाहर से तो पूरी तरह खाली दिख रहा था, लेकिन उसके अंदर बनी 'सीक्रेट दीवार' के पीछे छिपाया गया था 71 लाख रुपये की कीमत का डोडा चूरा। तस्करों का यह हाई-टेक अंदाज पुलिस को चकमा देने के लिए काफी था, लेकिन पुलिस की पैनी नजर ने इस साजिश का पर्दाफाश कर ही दिया।
बाहर से खाली, अंदर से ‘खतरनाक’
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुसनेर की तरफ से एक कंटेनर में नशीले पदार्थ की बड़ी खेप आ रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बैजनाथ निपानिया जोड़ पर जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध कंटेनर वहां से गुजरा, उसे रोक लिया गया। पहली नजर में कंटेनर खाली था, लेकिन पुलिस का शक गहरा गया।
अधिकारियों ने जब कंटेनर की लंबाई नापी, तो गणित गड़बड़ा गया। बाहर से कंटेनर 20 फीट का दिख रहा था, लेकिन अंदर से उसकी लंबाई 16 फीट ही निकली। बस फिर क्या था, पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली तो एक गुप्त चेम्बर (Hidden Chamber) का खुलासा हुआ। उस चेम्बर के भीतर 16 बोरों में भरा हुआ 3 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा बरामद किया गया।
आरोपी के मंसूबे धरे के धरे रहे
पुलिस ने मौके से आगर निवासी अनिल हाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न तो तस्करी का संतोषजनक जवाब दे पाया और न ही इस खेप के मालिक का नाम बता सका। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
नेटवर्क की तलाश में पुलिस
पकड़े गए डोडा चूरा और कंटेनर की कुल कीमत करीब 71 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह नशा कहां से आ रहा था और इसे कहां खपाया जाना था। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब करने में जुटी है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *