Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / विदिशा समाचार / भोपाल में गश्त कर रहे कॉन्स्टेबल का अपहरण,रातभर कार में बंधक बनाकर पीटा

भोपाल में गश्त कर रहे कॉन्स्टेबल का अपहरण,रातभर कार में बंधक बनाकर पीटा

11-08-2026  Editor Shubham Jain  27 views
MLA
भोपाल में गश्त कर रहे कॉन्स्टेबल का अपहरण,रातभर कार में बंधक बनाकर पीटा

भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस की सुरक्षा और बदमाशों के बुलंद हौसलों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। नाइट गश्त पर तैनात एक पुलिस कॉन्स्टेबल को दो युवकों ने अपनी कार में बंधक बना लिया। आरोपियों ने रातभर पुलिसकर्मी को कार में घुमाते हुए मारपीट की और जंगल में ले जाकर फेंकने की धमकी दी। कॉन्स्टेबल की सूझबूझ और साथी आरक्षक की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गश्त के दौरान टोका तो भड़क गए बदमाश

शाहपुरा थाना क्षेत्र में नाइट गश्त के दौरान कॉन्स्टेबल सुंदर पटेल की नजर एक संदिग्ध कार पर पड़ी। कार में दो युवक बैठकर शराब पी रहे थे। कॉन्स्टेबल ने जब उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोका और कार्रवाई के लिए थाने चलने को कहा, तो दोनों युवक भड़क गए।

नियमों का पालन कराने की कोशिश कॉन्स्टेबल को भारी पड़ गई। आरोपियों ने अचानक सुंदर पटेल को जबरन अपनी कार में खींच लिया और शाहपुरा थाने की ओर जाने के बजाय गाड़ी को तेज रफ्तार में एमपी नगर की तरफ मोड़ दिया।

रातभर कार में बंधक बनाकर की मारपीट

कार में सवार दोनों बदमाशों भूपेंद्र शर्मा और ऋषि नामदेव ने कॉन्स्टेबल को रातभर बंधक बनाए रखा। इस दौरान आरोपियों ने सुंदर पटेल के साथ मारपीट की। बदमाशों का दुस्साहस इतना बढ़ चुका था कि वे पुलिसकर्मी को जान से मारने और रात के अंधेरे में किसी सुनसान जंगल में फेंकने की धमकियां दे रहे थे।

सूझबूझ से भेजी लोकेशन, साथी ने बाइक से किया पीछा

लगातार हो रही मारपीट और धमकियों के बीच कॉन्स्टेबल सुंदर पटेल ने गजब का धैर्य दिखाया। उन्होंने जेब से मोबाइल निकालकर चुपके से अपने साथी आरक्षक मयंक ठाकुर को अपनी लाइव लोकेशन शेयर कर दी।

लोकेशन मिलते ही आरक्षक मयंक ठाकुर ने बिना समय गंवाए अपनी बाइक से बदमाशों की कार का पीछा करना शुरू किया। मयंक लगातार कार की लोकेशन पर नजर बनाए हुए थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे।

डीबी मॉल फ्लाईओवर पर मिला मौका, कार से कूदे कॉन्स्टेबल

तड़के जब बदमाशों की कार डीबी मॉल के पास जीजी फ्लाईओवर पर पहुंची, तो वहां ट्रैफिक थोड़ा धीमा हो गया। इस धीमे ट्रैफिक का फायदा उठाते हुए कॉन्स्टेबल सुंदर पटेल ने अपनी जान जोखिम में डाली और चलती कार का दरवाजा खोलकर बाहर कूद गए।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से आरोपी घबरा गए। उन्होंने तुरंत अपनी कार की रफ्तार बढ़ाई और मौके से फरार हो गए।

CCTV और कार नंबर से दबोचे गए आरोपी

घटना के तुरंत बाद शाहपुरा थाना पुलिस हरकत में आई। सुंदर पटेल की शिकायत और कार के नंबर के आधार पर जांच शुरू की गई। पुलिस ने रूट के CCTV फुटेज खंगाले, जिससे कार की आवाजाही और आरोपियों की पहचान साफ हो गई।

पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों, भूपेंद्र शर्मा और ऋषि नामदेव को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज, भेजे गए जेल

भोपाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, पुलिसकर्मी पर हमला, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

इस घटना ने एक तरफ जहां पुलिस गश्त के दौरान जवानों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं, वहीं कॉन्स्टेबल सुंदर पटेल की सूझबूझ और मयंक ठाकुर की तत्परता की सराहना हो रही है।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy