नरेंद्र गोलू दांगी गंजबासौदा पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर बड़ी स्ट्राइक की है। देहात थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक जुपिटर स्कूटी सवार युवक और युवती को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 25 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। जब्त मादक पदार्थ, स्कूटी और दो मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपियों में एक पूर्व तस्कर शामिल है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी और एसडीओपी गंजबासौदा शिखा भल्लावी के मार्गदर्शन में देहात पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही थी। 8 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि स्कूटी पर सवार होकर दो लोग स्मैक की खेप ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। संदिग्ध हालत में आ रही जुपिटर स्कूटी को रोककर जब सवारों से पूछताछ की गई तो वे हड़बड़ा गए। महिला और युवक की तलाशी लेने पर 25 ग्राम ब्राउन शुगर पाई गई।
ग्रीन वैली कॉलोनी के निवासी हैं आरोपी
पुलिस ने मौके से दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है।
* शानू उर्फ देवेंद्र त्यागी: पिता नर्वदा प्रसाद त्यागी, मूल निवासी पठार मोहल्ला, हाल निवासी ग्रीन वैली कॉलोनी, गंजबासौदा।
* अंबिका रघुवंशी: उम्र 32 वर्ष, पिता राजेंद्र सिंह रघुवंशी, मूल निवासी खरपरी, हाल निवासी तिरंगा चौक, ग्रीन वैली कॉलोनी, गंजबासौदा।
चार लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद सभी चीजें जब्त कर ली हैं।
* 25 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (अनुमानित मूल्य: ₹2,50,000)
* 01 जुपिटर स्कूटी
* 02 स्मार्टफोन
* कुल जब्त सामान की कीमत: ₹4,00,000
नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में दो अन्य संदिग्धों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह ब्राउन शुगर कहां से लाते थे और गंजबासौदा में किन लोगों को बेचते थे। पुलिस नशे के इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफलता में थाना प्रभारी जय कुमार सिंह, उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक मनोज तिवारी, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र भदौरिया, रवि राव, आरक्षक राकेश जाटव, राहुल झा, प्रकाश अमलियार, रामनिवास मीना, महिला आरक्षक प्रियंका मौर्य और सैनिक कृष्णपाल सिंह की मुख्य भूमिका रही।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *