जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक ऐसी शादी हुई, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में है। यहां दूल्हा अपनी सुहागरात और हनीमून के सपने संजो रहा था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। शादी के मंडप में 7 फेरे लेने से ठीक पहले दुल्हन ऐसी गायब हुई कि दूल्हे के अरमानों के साथ-साथ पूरे गांव के होश उड़ गए।
'पानी पीने जाऊंगी' कहकर मंडप से निकली, फिर कभी नहीं लौटी
मामला जशपुर के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत पसिया गांव का है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह पूरी धूमधाम से चल रहा था। लड़की पक्ष पड़ोसी जिले बलरामपुर से आया था। फेरों की तैयारी चल रही थी, तभी दुल्हन ने बहाना बनाया कि उसे पानी पीना है। वह मंडप से उठी और भीड़ का फायदा उठाकर रहस्यमय तरीके से गायब हो गई।
शुरुआत में घर वालों को लगा कि शायद आसपास ही होगी, लेकिन जब घंटों बीत गए और दुल्हन का कहीं पता नहीं चला, तो शादी की खुशियां मातम और तनाव में बदल गईं।
क्या लुटेरी दुल्हन है मामला?
घटना के बाद दूल्हा पक्ष का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उनका आरोप है कि यह कोई साधारण मामला नहीं है, बल्कि यह 'लुटेरी दुल्हन' का गैंग हो सकता है। दूल्हे के परिजनों का दावा है कि दुल्हन अपने साथ शादी के लिए लाए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी समेट ले गई है।
इस घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर विवाद हुआ। दुल्हन के इस 'गायब' होने पर अब तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। गांव में यह भी चर्चा है कि क्या युवती का पहले से कोई प्रेमी था, जिसके साथ वह रफूचक्कर हो गई? या फिर वह किसी बड़े 'लुटेरी दुल्हन' रैकेट का हिस्सा है जो दूल्हा पक्ष को अपना शिकार बना गई?
पुलिस की जांच शुरू, लेकिन सच्चाई अभी पर्दे में
घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हा पक्ष सीधे थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। लाखों के गहनों के गायब होने की बात सुनकर पुलिस भी हैरत में है। हालांकि, बगीचा थाना पुलिस इस मामले में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है, लेकिन बिना दुल्हन के बयान या उसकी बरामदगी के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों और शादी में मौजूद गवाहों से पूछताछ कर रही है। इलाके में चर्चा का विषय बनी यह शादी अब पुलिस की फाइलों में एक पहेली बन चुकी है।
क्या है सच?
क्या वाकई यह किसी सुनियोजित लूट का मामला है या फिर दुल्हन अपनी मर्जी से किसी और के साथ भाग गई? पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर उस रात मंडप से गायब हुई दुल्हन कहां गई और किसके साथ?
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *