विदिशा भारती डेस्क |
पठारी । सरकार और पटवारी संवर्ग के बीच तनातनी अब आर-पार की जंग में तब्दील हो चुकी है। प्रदेश भर में पटवारियों पर हो रही निलंबन, सेवा समाप्ति और दंडात्मक कार्यवाहियों के विरोध में मध्य प्रदेश पटवारी संघ ने मोर्चा खोलते हुए 'संपूर्ण बस्ता बंद अनिश्चितकालीन हड़ताल' का बिगुल फूंक दिया है। विदिशा जिले की पठारी तहसील से लेकर भोपाल तक इस फैसले से हड़कंप मच गया है। पटवारियों ने साफ कह दिया है कि जब तक दमनात्मक कार्रवाइयों पर पूर्ण विराम नहीं लगता, तब तक न कोई ऑनलाइन काम होगा और न ही बस्ता खुलेगा।
पठारी तहसील के पटवारी पंकज शर्मा अमृतांश कटयार सतीश श्रीवास्तव गुलाब सिंह चिडार दर्शन लाहौरी हर्ष सहरिया आरिफ खान नीलेश रघुवंशी हेमराज राजपूत जितेंद्र राजोरे ताजदार खलील रोहित कुर्मी सचेन्द्र लोधी पंकज झा सत्येंद्र राठौर आयुषी जैन आकांक्षा ठाकुर हुकुम सिंह सिलावट आदि ने संगठन की प्रमुख 4 सूत्रीय माँगो का ज्ञापन और बस्ता पठारी तहसीलदार प्रेमलता पाल को सौंप कर अनिश्चितकाल हड़ताल पर चले गए।
संघ ने पहले ही आगाह किया था कि यदि यह दमनात्मक रवैया बंद नहीं हुआ, तो पटवारी संवर्ग ऑनलाइन राजस्व कार्यों से पूरी तरह अलग होकर कठोर कदम उठाने को मजबूर होगा। इसके बावजूद प्रदेश के विभिन्न जिलों में पटवारियों के खिलाफ लगातार निलंबन और दंडात्मक कार्रवाइयां जारी रखी गईं। शासन स्तर से इन कार्रवाइयों को रोकने और पुराने आदेशों को निरस्त करने के संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते पूरे पटवारी संवर्ग में भारी आक्रोश और असंतोष फूट पड़ा है।
जनता और किसानों पर पड़ेगा सीधा असर जिसमे खसरा-खतौनी, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ई-केवाईसी और गिरदावरी जैसे तमाम काम अब पूरी तरह ठप रहेंगे, जिससे आम जनता और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
विदिशा जिले सहित समूचे मध्य प्रदेश में पटवारियों के इस कड़े फैसले से राजस्व अदालतें और तहसील कार्यालय सूने नजर आ सकते हैं। किसान वर्ग, जो नामांतरण, फौती, किसान क्रेडिट कार्ड और भूमि अभिलेखों के लिए पटवारियों पर निर्भर रहता है, उसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब देखना यह होगा कि शासन इस आंदोलन के आगे झुककर बातचीत की मेज पर आता है या यह टकराव और लंबा खिंचता है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *