Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / विदिशा समाचार / पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला,पिता-पुत्र 12 घंटे में गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला,पिता-पुत्र 12 घंटे में गिरफ्तार

26-11-2026  Vidisha Bharti Desk  244 views
पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला,पिता-पुत्र 12 घंटे में गिरफ्तार

वसीम कुरेशी सांची। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में सांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांची निवासी फरियादी शिवकुमार धानक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर मोहरसिंह मेहरा और उसके पुत्र अभिषेक मेहरा ने उनके मामा के लड़के अभिषेक पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोपियों ने बके जैसे धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

बीच-बचाव करने आए भाई के साथ भी मारपीट

शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान जब राज धानक बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद घायलों को लेकर परिजन चिंतित हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

फरियादी की रिपोर्ट पर सांची पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने 12 घंटे में दबोचे आरोपी

मामले में पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आकांक्षा तलया के निर्देशन में थाना प्रभारी रामबिलोचन शर्मा ने विशेष टीम गठित की।

टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 6, सांची निवासी आरोपी मोहरसिंह मेहरा पिता देवचंद मेहरा और उसके पुत्र अभिषेक मेहरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया है।

न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजे गए

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी महत्वपूर्ण रही।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामबिलोचन शर्मा, उपनिरीक्षक गुलाब लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक चन्द्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक गणेशराम रघुवंशी, सुनील लोधी, मनोज सेन, सुरेश गोहे, सचिन शर्मा, भूरसिंह बारेला तथा आरक्षक देवेंद्र अहिरवार, ओमप्रकाश लोधी, हिम्मत यादव और सौरभ रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घटना के कारणों और पुरानी रंजिश से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy