वसीम कुरैशी रायसेन। सांची थाना पुलिस ने मेन रोड मेढकी में घर के बाहर बने टीन शेड से मूंग और गेहूं चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 4 बोरी मूंग, 2 बोरी गेहूं और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 22,500 रुपये बताई गई है।
दो रात हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार फरियादी तुलसीराम लोधी निवासी मेढकी के घर के बाहर बने टीन शेड से 30 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे 4 बोरी मूंग चोरी हुई थी। इसके बाद 10 अगस्त 2026 की रात भी अज्ञात आरोपियों ने 2 बोरी गेहूं चोरी कर लिया।
लगातार हुई चोरी की घटनाओं के बाद फरियादी की शिकायत पर सांची थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बनाई टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। एसडीओपी रायसेन प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में टीम ने जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और फरियादी द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को विदिशा के करैयाखेड़ा रोड स्थित आचार्य कॉलोनी के रहने वाले तीन युवकों पर संदेह हुआ।
पूछताछ में सामने आई चोरी की कहानी
पुलिस ने राजा पिता बाबूलाल जाटव, उम्र 22 वर्ष, पंकज पिता लखनलाल अहिरवार, उम्र 24 वर्ष और शिवराज पिता हरनाम अहिरवार, उम्र 25 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से चोरी करने के लिए विदिशा से सांची आए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 30 जुलाई की रात मेढकी से 4 बोरी मूंग और 10 अगस्त की रात 2 बोरी गेहूं चोरी किया था। चोरी किया गया माल उन्होंने बायपास पुलिया के पास छिपाकर रखा था।
चोरी का माल और मोटरसाइकिल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई 4 बोरी मूंग और 2 बोरी गेहूं बरामद कर लिया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विदिशा और रायसेन जिले में चोरी से संबंधित आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के पुराने मामलों और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
जांच में इन बिंदुओं पर भी नजर
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। इसके साथ ही चोरी के माल को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
सांची और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
चोरी की वारदात का खुलासा करने में सांची थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राम बिलोचन शर्मा, सहायक उप निरीक्षक चंद्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक गणेशराम रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रामकरण शर्मा, प्रधान आरक्षक सुरेश गोहे, प्रधान आरक्षक भगवानदास, आरक्षक योगेश रघुवंशी और आरक्षक सौरभ रघुवंशी शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की गई कृषि उपज बरामद हो गई। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *