विदिशा भारती डेस्क | विदिशा
गुलाबगंज रोड पर रात के अंधेरे में दंपत्ति को घेरकर लूटपाट करने वाले गिरोह का देहात बासौदा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल 4 आरोपियों को धर दबोचा। इनके पास से लूटा गया सोना, चांदी, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद सामान की कुल कीमत 1.5 लाख रुपये है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
सड़क पर दंपत्ति को घेरकर की थी लूटपाट
घटना 11 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे की है। विदिशा निवासी भीमसिंह रैकवार अपनी पत्नी के साथ बाइक से गुलाबगंज होते हुए विदिशा लौट रहे थे। कानीखेड़ी गांव के पास सुनसान सड़क पर 4 अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने डरा-धमकाकर दंपत्ति से गहने और मोबाइल छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
लूट की सूचना मिलते ही देहात बासौदा पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके में पतारसी शुरू की। इसके साथ ही तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया जाल
13 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के ठिकाने की सटीक खबर मिली। देहात बासौदा पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से 4 संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
आकाश अहिरवार (25 वर्ष), पिता ओमप्रकाश अहिरवार
निखिल अहिरवार (20 वर्ष), पिता राजकुमार अहिरवार
रवि अहिरवार (21 वर्ष), पिता ओमप्रकाश अहिरवार
अनिल अहिरवार (27 वर्ष), पिता चंद्रभान अहिरवार
चारों आरोपी आचार्य कॉलोनी, करैया रोड, थाना सिविल लाइन, जिला विदिशा के निवासी हैं।
1.5 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सारा सामान बरामद कर लिया है। जब्त सामान में शामिल हैं:
सोने का पेंडिल
चांदी की हाय
मंगलसूत्र के मोती
एक मोबाइल फोन
वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल
जब्त किए गए कुल सामान की कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य
यह त्वरित कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में पूरी हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी और एसडीओपी गंजबासौदा शिखा भलावी ने अभियान का मार्गदर्शन किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात बासौदा जय कुमार सिंह की मुख्य भूमिका रही। उनके साथ उपनिरीक्षक प्रहलाद सिंह चौहान, उपनिरीक्षक दिव्या पाराशर, सहायक उपनिरीक्षक मजबूत सिंह गुर्जर, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र भदौरिया, रवि राव, राजीव पांडे, वीरेन्द्र तिवारी और आरक्षक राकेश जाटव, राहुल झा, प्रकाश अम्लियार, रामनिवास मीना तथा अजीत सिंह ने तत्परता से काम किया।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *