नरसिंहपुर। जिस बेटी के हाथों से घर की रौनक बढ़ती थी, उसी बेटी ने अपने ही घर को 'कंगाल' बना दिया। नरसिंहपुर की राजनगर कॉलोनी में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई है, जिसने रिश्तों पर से भरोसा ही उठा दिया है। एक युवती ने अपने ही माता-पिता और भाई को खाने में नशीली गोलियां खिलाकर मौत जैसी नींद सुला दिया और फिर प्रेमी के साथ मिलकर घर में रखा पुश्तैनी खजाना साफ कर दिया।
साजिश ऐसी कि फिल्में भी फेल हो जाएं
कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन यहाँ प्यार 'लालची' भी निकला। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुँचकर जो कहानी सुनाई, उसने सबके रोंगटे खड़े कर दिए। परिजनों के मुताबिक, घटना की रात युवती ने बेहद शातिराना तरीके से पूरे परिवार के खाने में नींद की गोलियां मिला दी थीं।
जैसे ही परिवार ने खाना खाया, वे बेसुध होकर गहरी नींद की आगोश में चले गए। जब अगली सुबह करीब 10 बजे उनकी आंखें खुली, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का दरवाजा खुला था, अलमारियां खाली थीं और उनकी लाडली बेटी गायब थी।
करीब 40 लाख के जेवर पर किया हाथ साफ
पीड़ित युवक (युवती का भाई) ने बताया कि उसकी बहन घर से कोई छोटी-मोटी रकम नहीं, बल्कि पूरे 35 से 40 लाख रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हुई है। लूटे गए सामान की लिस्ट लंबी है:
करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी की भारी करधन।
3-4 तोला वजनी सोने का हार और कंगन।
सोने की चूड़ियां, कान के झुमके और पायल।
किसानी वार्ड के 'ऋषि' पर लगा अगवा करने का आरोप
पीड़ित परिवार का सीधा आरोप है कि किसानी वार्ड निवासी ऋषि डांगीवाल प्रजापति ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर इस बड़ी साजिश को अंजाम दिया है। चर्चा है कि युवती ने उक्त युवक के साथ 20 तारीख को कहीं बाहर जाकर शादी भी कर ली है। परिवार का कहना है कि यह शादी सिर्फ जेवर हड़पने का एक जरिया है।
"साहब! न्याय चाहिए, हमारा खून-पसीने का सामान वापस दिलाओ"
हैरानी की बात यह है कि परिवार पहले भी न्याय की गुहार लगा चुका है। उनका आरोप है कि पुलिस ने आरोपी और युवती का आमना-सामना तो कराया, लेकिन जांच में ढिलाई बरती गई। पुलिस अभी तक आरोपी से चोरी किया गया सामान बरामद नहीं कर पाई है। दुखी पिता और भाई का कहना है कि उनकी गाढ़ी कमाई और पुश्तैनी जेवर उनकी बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर लूट लिए हैं।
अब देखना यह है कि क्या पुलिस इस 'लुटेरी बेटी' और उसके प्रेमी से 40 लाख का सामान बरामद कर पाती है या पीड़ित परिवार दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर रहेगा।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *