विदिशा/कुरवाई। घर-घर जाकर बर्तन बेचने के बहाने लोगों से संपर्क करना और इसी दौरान घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले में कुरवाई पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी महिला उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले की रहने वाली बताई गई है। पुलिस अब उससे अन्य संभावित चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई विदिशा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और लंबित चोरी के मामलों का जल्द खुलासा करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
चोरी के मामले में महिला गिरफ्तार
कुरवाई थाना पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 466/2026, धारा 303(2) बीएनएस के प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच के आधार पर पुलिस ने अन्नू राधा, उम्र 28 वर्ष, पति शत्रुहन साहनी, निवासी ग्राम बिहार नगर मवैया, थाना आलमबाग, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक महिला मजदूरी करने के साथ फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करती थी। इसी काम की आड़ में वह ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग घरों तक पहुंचती थी।
बर्तन बेचने के बहाने करती थी घरों की जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला घर-घर जाकर बर्तन बेचने के दौरान लोगों से बातचीत करती थी। खासतौर पर वह महिलाओं से संपर्क बनाकर उनका विश्वास हासिल करने का प्रयास करती थी।
इसी दौरान वह घर की स्थिति, परिवार के सदस्यों की मौजूदगी और घर में रखे सामान के बारे में जानकारी जुटाती थी। पुलिस के अनुसार मौका मिलने पर महिला घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर वहां से निकल जाती थी।
इस तरह फेरी लगाकर सामान बेचने की गतिविधि उसके लिए लोगों के घरों तक पहुंचने का माध्यम बन गई थी।
5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
गिरफ्तार महिला के कब्जे से पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत के विभिन्न सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद मशरूका को विधिवत जप्त कर सुरक्षित रूप से मालखाना में जमा कराया है।
बरामद आभूषणों में सोने का मंगलसूत्र, लाल मोतियों की माला, ब्रेसलेट और गोल्डन पेंडेंट शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा चांदी की पायल की जोड़ी, चांदी के कड़े और छल्ले भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने सोने-चांदी के कान के टॉप्स, झाले और रिंग्स सहित अन्य आभूषण भी जप्त किए हैं। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
अन्य वारदातों का पता लगाने में जुटी पुलिस
महिला आरोपी की गिरफ्तारी और आभूषण बरामद होने के बाद पुलिस अब उससे अन्य संभावित घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने कुरवाई थाना क्षेत्र के अलावा आसपास के अन्य इलाकों में भी इसी तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है। बरामद आभूषणों को सुरक्षित रखा गया है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुरवाई रोशनी सिंह के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी कुरवाई निरीक्षक आर.के. मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
कार्रवाई में उप निरीक्षक रघुपति यादव, प्रधान आरक्षक विपिन, प्रधान आरक्षक टीकाराम, प्रधान आरक्षक भानु, आरक्षक लखन, महिला आरक्षक डिम्पी राय, सैनिक परमानंद सहित थाना कुरवाई पुलिस टीम की भूमिका रही।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *