भोपाल। राजधानी भोपाल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 14.19 ग्राम क्रिस्टलनुमा MD ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश से MD ड्रग्स की खेप लेकर भोपाल पहुंचे थे और यहां इसकी सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि MP नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक महिला MD ड्रग्स की सप्लाई करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध महिला को पकड़कर तलाशी ली तो उसकी जैकेट से क्रिस्टलनुमा पदार्थ बरामद हुआ। जांच में पदार्थ MD ड्रग्स होने की पुष्टि हुई। इसका वजन 14.19 ग्राम पाया गया।
जैकेट में छिपाकर रखी थी ड्रग्स
पुलिस ने गिरफ्तार महिला की पहचान श्रद्धा चौकीकर (38) के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने ड्रग्स को अपनी जैकेट में छिपाकर रखा था। बरामदगी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से MD ड्रग्स की खेप लेकर भोपाल आई थी। पूछताछ में राजेंद्र राय नाम के एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई।
निशानदेही पर रीगल होटल के पास से दूसरा आरोपी गिरफ्तार
महिला से मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए साकेत नगर स्थित रीगल होटल के पास दबिश दी। यहां से पुलिस ने दूसरे आरोपी राजेंद्र राय (37) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, श्रद्धा चौकीकर और राजेंद्र राय दो दिन पहले उत्तर प्रदेश से MD ड्रग्स लेकर भोपाल पहुंचे थे। दोनों यहां नशे की खेप खपाने की तैयारी में थे।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त MD ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उत्तर प्रदेश में ड्रग्स की खेप किससे प्राप्त की गई थी और भोपाल में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनके संपर्कों और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि उत्तर प्रदेश से भोपाल तक नशीले पदार्थ की खेप किस माध्यम से लाई गई और शहर में इसकी सप्लाई के लिए किन स्थानों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
राजधानी में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आने की संभावना है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *