LaraMag - Hệ thống Tin tức / Tạp chí Laravel Đa ngôn ngữ

Header
collapse
Trang chủ / बिजनेस / पुलिस का बड़ा धमाका: बस यात्रियों के गहने उड़ाने वाले

पुलिस का बड़ा धमाका: बस यात्रियों के गहने उड़ाने वाले

28-04-2026  Amit raikwar  83 lượt xem

ImgResizer_facebook_1777366332666_7454814718567454789छतरपुर। अगर आप बस या ट्रेन में सफर कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए! आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपकी जमा-पूंजी पर भारी पड़ सकती है। छतरपुर की कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे ही शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो पलक झपकते ही यात्रियों के बैग से कीमती जेवरात साफ कर देता था। पुलिस ने ₹10,000 के इनामी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 20 लाख रुपये की भारी-भरकम संपत्ति बरामद की है।

वारदातों ने उड़ा दी थी नींद

हाल ही में बस स्टैंड से सफर कर रहे हरपालपुर निवासी प्रिंस गुप्ता की पत्नी और भोपाल की नीलम वर्मा के ट्रॉली बैग से लाखों के जेवरात चोरी हुए थे। इन वारदातों ने शहर में सनसनी फैला दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अगम जैन ने आरोपियों पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया और विशेष टीम गठित कर खुद मॉनिटरिंग शुरू की।

खाकी का जाल और शातिर 'गैंग' की गिरफ्तारी

कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जब कड़ियां जोड़ीं, तो परत दर परत राज खुलते चले गए। पुलिस ने जाल बिछाकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले इन शातिर चोरों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में शामिल हैं:

इकबाल अली (जालौन, यूपी)

छोटू राईन उर्फ इसराईल (जालौन, यूपी)

समीर राईन (जालौन, यूपी)

शाहरुख (जालौन, यूपी)

रुक्साना उर्फ जाहिना बेगम (अजमेर, राजस्थान)

बरामदगी देख फटी रह गईं आंखें

पुलिस ने जब आरोपियों की निशानदेही पर तलाशी ली, तो उनके पास से सोने-चांदी का खजाना निकल आया। बरामद सामान में शामिल है:

4 मंगलसूत्र, 1 हार, सोने की बालियां, नथ, कंगन, चेन, अंगूठियां, चांदी की कमर पेटी और पायलें। इन गहनों की कुल बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। यह गिरोह इतना शातिर था कि भीड़भाड़ वाली बसों में महिलाओं के बैग को अपना निशाना बनाता था।

मास्टरमाइंड 'अरबाज' है हिस्ट्रीशीटर

इस गिरोह का सरगना अरबाज (निवासी जालौन) अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस के मुताबिक अरबाज एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, डकैती और आबकारी जैसे 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी समीर भी डकैती और जानलेवा हमले जैसे अपराधों में लिप्त रहा है।

इन धुरंधरों की रही मुख्य भूमिका

इस बड़ी सफलता में ASP आदित्य पटले और CSP अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह, उप निरीक्षक जितेंद्र सोनी, वीरेंद्र रैकवार और साइबर प्रभारी नेहा गुर्जर समेत पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। टीम की इस तत्परता की हर तरफ सराहना हो रही है।


Chia sẻ:

Trải nghiệm của bạn trên trang web này sẽ được cải thiện bằng cách cho phép cookie Chính sách Cookie