नरसिंहपुर/करेली। मध्य प्रदेश में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। 'ऑपरेशन ईगल क्लॉ' के तहत नरसिंहपुर जिले की करेली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध शराब की तस्करी कर रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार को दबोचा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल लाखों की शराब जब्त की, बल्कि दो शातिर तस्करों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मुखबिर की सटीक टिप और फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहे एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही एएसपी संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में करेली पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई।
पुलिस टीम ने करेली बायपास के पास इमलिया पुल पर अपना जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध कार (MP20 XB 2757) पुलिस के घेरे में आई, तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
कार की डिग्गी खोलते ही फटी रह गई आंखें
जब पुलिस ने स्विफ्ट कार की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर टीम भी दंग रह गई। कार के अंदर 27 कार्टून अवैध देशी शराब ठूस-ठूस कर भरी हुई थी। इसमें:
17 कार्टून मसाला देशी शराब
10 कार्टून प्लेन देशी शराब
बरामद की गई शराब की कुल कीमत ₹1.40 लाख आंकी गई है। पुलिस ने मौके से शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ₹7 लाख की स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत ₹8.40 लाख बताई जा रही है।
नरसिंहपुर के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान डेलन मल्लाह (उम्र 26 वर्ष) और मुजम्मिल उसमानी (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी नरसिंहपुर के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि शराब का यह जखीरा कहां से लाया जा रहा था और इसे जिले में किन-किन ठिकानों पर सप्लाई किया जाना था।
थाना प्रभारी रत्नाकर हिंग्वे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में करेली थाना टीम की जांबाजी और तत्परता की जिले भर में सराहना हो रही है।
Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *