Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / विदिशा समाचार / आईफोन की किस्त भरने के लिए चुराते थे गाड़ियों की बैटरियां

आईफोन की किस्त भरने के लिए चुराते थे गाड़ियों की बैटरियां

20-11-2026  Vidisha Bharti Desk  58 views
आईफोन की किस्त भरने के लिए चुराते थे गाड़ियों की बैटरियां

करेली। महंगे शौक पूरे करने और आईफोन की किस्त चुकाने के लिए वाहन बैटरी चोरी करने वाले दो युवकों को करेली पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रात के समय सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे और उनकी बैटरियां निकालकर आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र से पांच बैटरियां चोरी करने की बात सामने आई। चोरी की गई बैटरियों की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को ओमकार गिरी गोस्वामी ने थाना करेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी गल्ला मंडी में खड़े वाहनों से अज्ञात व्यक्ति बैटरी चोरी कर ले गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया और एसडीओपी देवेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में खड़े वाहनों से पांच बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की।

आईफोन की किस्त चुकाने के लिए करते थे चोरी

पुलिस ने पकड़े गए युवकों की पहचान रवि ठाकुर (20 वर्ष), निवासी पीरा, थाना करेली और तन्मय चौरसिया (18 वर्ष), निवासी जयप्रकाश वार्ड, करेली के रूप में बताई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि महंगे मोबाइल फोन की किस्त भरने के लिए उन्होंने वाहनों की बैटरियां चोरी की थीं।

आरोपियों ने चोरी की गई पांच बैटरियों को आपस में बांट लिया था। पुलिस के मुताबिक, इन बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए है। मामले में थाना करेली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी करेली निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, सहायक उपनिरीक्षक अवधेश बघेल, प्रधान आरक्षक उमेश पटेल तथा आरक्षक चेतन तंतुवाए, लक्ष्मी नागपुरे और सचिन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन बैटरी चोरी की घटनाओं से परेशान वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy