Vidisha Bharti

Header
collapse
...
Home / विदिशा समाचार / विदिशा में ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

विदिशा में ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

04-10-2026  Vidisha Bharti Desk  66 views
विदिशा में ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

विदिशा। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत विदिशा पुलिस ने गंजबासौदा शहर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 38.56 ग्राम ब्राउन शुगर, एक ईकोस्पोर्ट कार, एक मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूके की अनुमानित कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक जांच में राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से मादक पदार्थ की आपूर्ति, भोपाल के रास्ते विदिशा जिले तक पहुंचने और स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। मामले में सप्लायर, लोकल डीलर और डिलीवरी से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

चार स्तरों पर नेटवर्क संचालित होने का दावा

पुलिस जांच के अनुसार ब्राउन शुगर की सप्लाई और बिक्री के लिए नेटवर्क अलग-अलग स्तरों पर काम कर रहा था। पुलिस ने राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से कथित थोक आपूर्ति से जुड़े कुछ नामों की जानकारी मिलने की बात कही है। इसके बाद मादक पदार्थ भोपाल तक पहुंचाया जाता था और वहां से ट्रेन, बस तथा अन्य परिवहन साधनों के जरिए विदिशा जिले में लाए जाने की जानकारी सामने आई है।

गंजबासौदा क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर ब्राउन शुगर की फुटकर बिक्री और ग्राहकों तक पुड़िया पहुंचाने वाले आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

PhonePe से भुगतान, WhatsApp पर भेजते थे लोकेशन

पुलिस के अनुसार आरोपी निगरानी से बचने के लिए कथित तौर पर कॉन्टैक्टलेस डिलीवरी का तरीका अपनाते थे। ग्राहकों से PhonePe अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान लिया जाता था। भुगतान की पुष्टि के बाद मादक पदार्थ को किसी गुप्त स्थान पर रखकर उसका वीडियो बनाया जाता था।

पुलिस का दावा है कि संबंधित स्थान का वीडियो WhatsApp के माध्यम से ग्राहक को भेजा जाता था। इसके बाद ग्राहक बताए गए स्थान पर पहुंचकर मादक पदार्थ लेता था। इस प्रक्रिया में खरीदार और विक्रेता के बीच सीधे संपर्क को कम रखने का प्रयास किया जाता था।

पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल लेनदेन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।

1 अक्टूबर से शुरू हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की शुरुआत 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हुई। दमयंती धर्मकांटा, जली मिल रोड के पास मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए पहुंचे अनुज दुबे उर्फ अन्नू महाराज और यशवंत रघुवंशी को पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक अनुज दुबे के कब्जे से 10.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जबकि यशवंत रघुवंशी के पास से मोटरसाइकिल जब्त की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने राजा रघुवंशी और मोहित उर्फ लड्डू दांगी से संबंधित जानकारी मिलने की बात कही।

अलग-अलग स्थानों से पांच और गिरफ्तारियां

पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को त्योदा रोड पुलिया के पास राजा रघुवंशी और विनीता जाटव को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 20 ग्राम ब्राउन शुगर, ईकोस्पोर्ट कार, चार मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया।

इसके बाद मोहित उर्फ लड्डू दांगी को शिवनगर रेलवे पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया।

इसी दिन न्यू बस स्टैंड रामलीला मैदान मंच के पास से धर्मेन्द्र दांगी को भी पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 7.70 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 77 हजार रुपये है, बरामद हुई।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अनुज दुबे उर्फ अन्नू महाराज (22), यशवंत रघुवंशी (36), राजा रघुवंशी (26), मोहित उर्फ लड्डू दांगी (23), विनीता जाटव (23) और धर्मेन्द्र दांगी (31) शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ उनकी कथित भूमिका के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

बैंक खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया

पुलिस ने ड्रग नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लेनदेन की भी जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त राशि डिजिटल और बैंकिंग माध्यमों से लेनदेन किए जाने की जानकारी मिली है।

जांच एजेंसियां उन बैंक खातों की पहचान कर रही हैं, जिनमें कथित रूप से ड्रग बिक्री से प्राप्त धन रखा गया है। पुलिस के मुताबिक संबंधित खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया जारी है। मोबाइल फोन और डिजिटल भुगतान से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है।

NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 716/2026 में धारा 8/21 NDPS एक्ट के साथ इजाफा धारा 29 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं अपराध क्रमांक 729/2026 में धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि राजस्थान से लेकर विदिशा तक कथित सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने की नागरिकों से अपील

पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी ने जिले के नागरिकों से मादक पदार्थों से दूर रहने और परिवार व समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा है।

पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत मादक पदार्थों की आपूर्ति, बिक्री, वितरण और उससे जुड़े आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


Share:

रिक्वायरमेंट

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy